रांची : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बांग्लादेश से घुसपैठ पर शनिवार को चिंता व्यक्त करते हुए विशेष रूप से झारखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर इसके प्रभाव को लेकर प्रकाश डाला। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने दावा किया कि बांग्लादेशी घुसपैठिये अक्सर आदिवासी महिलाओं से शादी करके जमीन हासिल कर लेते हैं और उनके अधिकारों पर कब्जा जमा लेते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इसे असम में प्रत्यक्ष रूप से देखा है, जहां की 40 प्रतिशत आबादी बांग्लादेशी घुसपैठियों की है। यह हालात पश्चिम बंगाल की स्थिति को दर्शाते हैं। हमारे भविष्य की सुरक्षा के लिए झारखंड में इसी तरह की स्थिति को रोकना महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, हमें झारखंड में जबरन धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केंद्र में भाजपा सरकार का चुना जाना आवश्यक है। शर्मा केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा के लिए प्रचार के वास्ते खूंटी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत तमाड़ पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके और बाद में अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को संबोधित किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की आलोचना करते हुए भाजपा नेता शर्मा ने कहा कि झारखंड में बरामद की जा रही नकदी दर्शाती है कि यहां कितना भ्रष्टाचार है।
जब एक मंत्री के निजी सचिव के घरेलू सहायक से 35 करोड़ रुपये की बरामदगी की जा सकती है, तो यह किस पैमाने के भ्रष्टाचार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे भ्रष्टाचार को यहां से खत्म करने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील करता हूं। खूंटी में 13 मई को मतदान होगा। वर्ष 2019 में मुंडा ने कांग्रेस के कालीचरण मुंडा को 1,445 वोटों के मामूली अंतर से हराकर यह सीट जीती थी, जो एक बार फिर उनके प्रतिद्वंद्वी हैं।