हैदराबाद : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यह दावा करने के लिए निशाना साधा कि प्रधानमंत्री 75 वर्ष की उम्र संबंधी ‘नियम’ का हवाला देकर शाह को अपना उत्तराधिकारी बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के संविधान में ऐसी किसी आयु सीमा के बारे में कुछ नहीं लिखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा में कोई भ्रम नहीं है। शाह केजरीवाल के इस  दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे कि मोदी केंद्रीय गृह मंत्री को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं क्योंकि वह (मोदी) अगले वर्ष 75 वर्ष के हो जाएंगे। शाह ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे ‘इंडी’ गठबंधन को बताना चाहूंगा, मोदी के 75 वर्ष के होने पर आपको खुश होने की कोई जरूरत नहीं है। भाजपा के संविधान में ऐसा कहीं नहीं लिखा है। मोदी अगला कार्यकाल भी पूरा करेंगे और देश का नेतृत्व करते रहेंगे। इसे लेकर भाजपा में कोई भ्रम नहीं है। केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि मोदी शाह के लिए वोट मांग रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि ये लोग ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (इंडिया) गठबंधन से उनके चेहरे के बारे में पूछते हैं। मैं भाजपा से पूछता हूं कि उनका प्रधानमंत्री कौन होगा? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी अगले वर्ष 17 सितंबर को 75 वर्ष के हो रहे हैं। उन्होंने नियम बनाया था कि 75 वर्ष की उम्र वालों को ‘रिटायर’ कर दिया जाएगा। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुमित्रा महाजन को रिटायर (सेवानिवृत्त) कर दिया। उन्होंने पूछा कि वह (मोदी) अगले वर्ष रिटायर हो जाएंगे। वह अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। क्या शाह मोदी जी की गारंटी पूरी करेंगे? शाह ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम होने के डर से सबसे पुरानी पार्टी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर भारत का अधिकार छोड़ना चाहती है। राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन तेलंगाना के विकाराबाद और नागरकुर्नूल में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुये कहा कि यदि केजरीवाल को लगता है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा दी गई अंतरिम जमानत उन्हें ‘क्लीन चिट’ है तो कानून को लेकर उनकी समझ खराब है। गृह मंत्री ने यह विश्वास भी जताया कि लोकसभा सीटों के मामले में भाजपा दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को तेलंगाना में 10 से अधिक लोकसभा सीट जीतने का भरोसा है। शाह ने विकाराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आज ही के दिन 1998 में पोकरण में परमाणु परीक्षण किया था और देश को परमाणु शक्ति बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमले करने का साहस नहीं है। गृह मंत्री ने कहा कि देश पर पाकिस्तानी आतंकवादियों के हमले के दस दिन के भीतर प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक एवं हवाई हमले किये और उनका (आतंकवादियों का) खात्मा कर दिया। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान के पास परमाणु बम होने संबंधी बयान का जिक्र करते हुये शाह ने रैली में कहा कि वह राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है इसलिये क्या पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को पड़ोसी देश को दे देना चाहिये । उन्होंने कहा कि जब तक यहां भारतीय जनता पार्टी है, ऐसा कभी नहीं हो सकता और पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का है और हम उसे लेकर रहेंगे।