डिजिटल डेस्क: शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। जेल से बाहर आने के बाद सीएम केजरीवाल ने बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि वो भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं लेकिन देश के सबसे बड़े चोर उचक्कों को उन्होंने अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। उन्होंने ऐसे लोगों के सारे ईडी-सीबीआई के मामले खत्म कर दिए। मैं पीएम मोदी से कहना चाहता हूं कि अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना चाहते हैं तो केजरीवाल से सीखिए।
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मानते हैं कि भाजपा को चुनौती आम आदमी पार्टी देगी। पीएम मोदी ने एक खतरनाक मिशन शुरू किया है और वो है वन नेशन वन लीडर। इसके तहत वो सभी देश के नेताओं को ख़त्म करना चाहते हैं, सारे विपक्ष के नेताओं को जेल में डाल देंगे और सभी भाजपा के नेताओं को निपटा देंगे, उनकी राजनीति खत्म कर देंगेI मुझसे लिखवा लो- कुछ दिनों बाद ममता बनर्जी, स्टालिन, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के सभी नेता जेल में होंगेI यूपी के मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म करने की साजिश की जा रही है। भाजपा जीत जाएगी तो योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म करेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि मैं 140 करोड़ लोगों का साथ चाहता हूं। इस देश को बचाना है। मैं लोकतंत्र को बचाना चाहता हूं। मैं मंत्री, मुख्यमंत्री बनने नहीं आया नौकरी छोड़कर यहां आया हूं। मेरा देश के लिए सबकुछ कुर्बान है। ये इंडिया गठबंधन से पूछते हैं कि प्रधानमंत्री कौन होगा? मैं भाजपा से पूछता हूं कि इनका प्रधानमंत्री कौन होगा? 2014 में मोदी ने खुद नियम बनाया था कि 75 साल की उम्र के बाद भाजपा नेता रिटायर हो जायेंगे। मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि मोदी जी, क्या आप अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं?