हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की भारतीयों की त्वचा के रंग संबंधी कथित नस्लीय टिप्पणी को लेकर विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा और जोर देकर कहा कि देशवासी त्वचा के रंग के आधार पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें अब यह बात समझ में आ गई है कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को हराने की कोशिश इसलिए की थी क्योंकि उनकी 'त्वचा का रंग सांवला' है। पित्रोदा के कथित बयान से विवाद बढऩे के बाद मोदी ने सवाल किया कि कोई मुझे बताइए क्या मेरे देश में चमड़ी के रंग के आधार पर लोगों की योग्यता तय होगी? वारंगल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने पूछा कि त्वचा के रंग के इस खेल के लिए 'शहजादे' को किसने इजाजत दी? पित्रोदा की कथित टिप्पणियों के बाद देश की राजनीति में एक नया विवाद पैदा हो गया है।

उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि भारत के उत्तर पूर्व के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं, जबकि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं। मोदी ने कहा कि मैं बहुत गुस्से में हूं आज दोस्तों! मुझे कोई गाली दे, मुझे गुस्सा नहीं आता है। मैं सहन कर लेता हूं। लेकिन आज शहजादे के फिलॉस्फर ने इतनी बड़ी गाली दी है, जिसने मुझमें गुस्सा भर दिया है। राहुल गांधी की चुनावी रैलियों में संविधान की प्रति का प्रदर्शन करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान सिर पे लेकर 'नाचने वाले' लोग, चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों का अपमान कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि शहजादे आपको जवाब देना पड़ेगा। चमड़ी के रंग के आधार पर मेरे देशवासियों का अपमान मेरा देश सहन नहीं करेगा और मोदी तो कतई नहीं करेगा।

मोदी ने यह भी कहा कि उन्हें अब पता चला है कि मुर्मू की इतनी प्रतिष्ठा होने के बावजूद कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश क्यों की थी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर सैम पित्रोदा के संदर्भ में कहा कि मुझे आज पता चला कि शहजादे के एक अंकल अमरीका में रहते हैं। चाचा उनके दार्शनिक और मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि शहजादे के दार्शनिक और मार्गदर्शक चाचा ने एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी त्वचा का रंग सांवला है, वे सभी अफ्रीका के हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि इसका मतलब है कि उन्होंने (पित्रोदा) त्वचा के रंग के आधार पर देश के कई लोगों का अपमान किया है।

मोदी ने कहा कि त्वचा का रंग कोई भी हो, देशवासी भगवान श्री कृष्ण की पूजा करते हैं, जिनकी त्वचा का रंग भी हम सभी की तरह था। इससे पहले, करीमनगर के वेमुलावाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि पिछले पांच साल से सुबह उठते ही 'अंबानी और अडाणी के नाम की माला जपने वाले कांग्रेस के शहजादे' ने उनसे 'कितना माल उठाया' है जो लोकसभा चुनाव घोषित होते ही उन्होंने उन्हें 'गाली देना' बंद कर दिया। उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल का नाम लिए बगैर 'दाल में कुछ काला' होने की आशंका जताई और कहा कि उन्हें देश को इसका जवाब देना पड़ेगा। मोदी ने यह दावा भी किया कि देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के बाद कांग्रेस और उसके 'इंडी' गठबंधन के घटक दलों का तीसरा 'फ्यूज' उड़ गया है।

उन्होंने कहा कि मतदान के चार चरण शेष हैं और जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जीत की ओर बढ़ रहा है। मोदी ने कहा कि आपने देखा होगा कि कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए) पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरु करते थे। लेकिन जब से उनका राफेल वाला मामला ग्राउंडड हो गया तब से एक अन्य माला जपना शुरू किया। पांच साल से एक ही माला जपते थे। पांच उद्योगपति... फिर धीरे-धीरे कहने लगे... अंबानी, अडाणी... पांच साल से... लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है इन्होंने अंबानी, अडाणी को गाली देना बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि जरा ये शहजादे घोषित करें कि इस चुनाव में अंबानी, अडाणी से कितना माल उठाया है? काले धन के कितने बोरे भर के रुपए मारे हैं? क्या टेम्पो भर के नोट कांग्रेस के लिए पहुंचे हैं? क्या सौदा हुआ है कि आपने रातों-रात अंबानी, अडाणी को गाली देना बंद कर दिया? जरूर दाल में कुछ काला है। पांच साल तक अंबानी, अडाणी को गाली दी और रातों रात गालियां बंद हो गईं! मतलब कोई न कोई चोरी का माल टेम्पो भर-भर के आपने पाया है। ये जवाब देना पड़ेगा देश को।

मोदी सरकार पर हमला करने के लिए कांग्रेस, प्रधानमंत्री मोदी पर व्यवसायी गौतम अडानी और मुकेश अंबानी सहित देश के शीर्ष पांच उद्योगपतियों का पक्ष लेने का आरोप लगाती रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' ('इंडिया') का मजाक उड़ाते हुए कहा कि तीसरे चरण के चुनाव के बाद कांग्रेस और 'इंडी' गठबंधन का तीसरा फ्यूज उड़ गया है। मोदी और भाजपा के कुछ नेता विपक्षी गठबंधन को 'इंडी' गठबंधन कहते हैं। कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत में यकीन करती है जबकि कांग्रेस और बीआरएस के लिए 'परिवार प्रथम' है।

उन्होंने कहा कि बीआरएस और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार पर एक-दूसरे की खुलकर आलोचना की है लेकिन दोनों दलों के बीच भ्रष्टाचार एक सामान्य कारक है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में 'डबल आर (आरआर)' कर को लेकर दिल्ली तक खूब चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि एक आर तेलंगाना को लूटता है और फिर दूसरे आर को दिल्ली में देता है। उन्होंने कहा कि 'आरआर गेम' राज्य को बर्बाद कर देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण खत्म करेगी और इसे मुसलमानों को देगी।