पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : ग्वालपाड़ा जिले के जलेश्वर विधानसभा क्षेत्र के नं. 208 जलदुबा प्राइमरी स्कूल में मतदान करने गई एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान दमरीभासा गांव के शहादत अली की पत्नी चंद्रभानु नेसा (64) के रूप में की गई। महिला मंगलवार को करीब 1 बजे अपने बेटे और बहू के साथ मतदान करने के लिए धुबड़ी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जलेश्वर के 208 नंबर जलदुबा प्राइमरी स्कूल गई थी। उनके परिवार ने कहा कि बुजुर्ग महिला मतदान के बाद मतदान केंद्र के अंदर ही बेहोश होकर गिर गईं।

आसपास के लोगों ने महिला को होश में लाने की कोशिश की लेकिन इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक छाया हुआ है। दूसरी ओर चिरांग में तीसरे चरण के मतदान के दौरान एक युवक की मौत हो गई। यह घटना कोकराझार लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 19वीं सिदली चिरांग विधानसभा के अंतर्गत नं. 35 डांगाईगांव एलपी स्कूल के मतदान केंद्र पर हुई। पता चला है कि चिरांग जिले के आमगुड़ी थाना अंतर्गत नेपालपारा गांव के हुसैन अली (38) दोपहर में मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पर लाइन में खड़ा था।

कुछ देर बाद मतदान करने से पहले ही युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई। वह मतदान केंद्र परिसर में एक कुर्सी पर बैठ गया। बैठे-बैठे ही वह कुर्सी से गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत का सटीक कारण अज्ञात है, लेकिन स्थानीय लोगों को संदेह है कि हुसैन अली की मृत्यु हृदय गति रुकने से हुई। युवक की मौत से नेपालपाड़ा इलाके में मातम छाया हुआ है।