सूखे नारियल का प्रयोग पूजा से लेकर खाने तक में किया जाता है। हम में से ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल खीर, हलवा, आइसक्रीम और स्वीट डिश बनाने के लिए करते हैं। सूखा नारियल हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह विटामिन बी6, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर, फॉस्फोरस, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व से भरपूर होता है। यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने से लेकर पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में मदद करता है। एनीमिया की समस्या में भी इसका सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है।

खून की कमी होती है दूर

सीएचसी खेकड़ा में तैनात आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉक्टर दीप्ति ने बताया कि सूखे नारियल के सेवन से एनीमिया की शिकायत दूर होती है। दरअसल, इसमें आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो खून में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है। सूखे नारियल में पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। इसे खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी मजबूत होती है। सूखे नारियल का सेवन करने से पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है। इसमें फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनता है। यह कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद कर सकता है।

दिल के स्वास्थ्य का भी रखता है ख्याल : इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह धमनियों में प्लाक बनने से रोकता है, जिससे हार्ट ब्लॉकेज और दिल की अन्य बीमारियों का खतरा कम होता है।

हड्डियों के लिए फायदेमंद : इसमें कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। सूखा नारियल खाने से जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में मदद मिल सकती है। यह गठिया के खतरे को कम करने में भी मदद करता है।

सीमित मात्रा में ही करना चाहिए सेवन : आपको इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए, वरना आपको कई स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह से ही इसका सेवन करें।

ऐसे करें इस्तेमाल : आप सूखे नारियल का प्रयोग पाउडर बनाकर दूध के साथ, खीर या फिर हलुवे में मिलाकर इसका सेवन कर सकते हैं। यदि आपको इसे चबाकर खाने में दिक्कत है, तो आप कद्दूकस करके इसका सेवन करें या फिर अन्य फूड्स में मिलाकर इसे खाएं। सूखा नारियल हर मौसम में बाजार में आसानी से मिलता है और इसे लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है।