पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : देश और राज्य में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के दौरान बरपेटा लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान करने वाले एक विशेष व्यक्ति और वह विशेष मतदान केंद्र जहां उन्हें मतदान करना है उस व्यक्ति विशेष और केंद्र पर अब सबकी निगाहें गड़ी हुई हैं। वह खास शख्स हैं राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा और वे मंगलवार को कामरूप जिले के अमीनगांव हाई स्कूल में मतदान करेंगे। गौरतलब है कि पहली बार मुख्यमंत्रीअपनी राजनीतिक पार्टी के चुनाव चिन्ह के बजाय हाथी के चिह्न पर वोट देंगे। मंगलवार को गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ धुबड़ी, कोकराझाड़ और बरपेटा सहित चार लोकसभा क्षेत्र में मतदान होने हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा अमीनगांव हाई स्कूल की 224 पूर्व शाखा में बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार फणीभूषण चौधरी के लिए मतदान करेंगे। वह पहले जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और उन्होंने गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया था। निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निधारण के बाद हाजो-सुवालकुची विधानसभा क्षेत्र में अमीनगांव का कुछ अंश भी शामिल हो गया। इसलिए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार फणीभूषण चौधरी के लिए वोट करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के अमीनगांव में मतदान करने आने की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा का स्वागत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर तरह की तैयारी कर ली है। जिला प्रशासन ने मतदान केंद्र पर पहले से ही सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री परिवार सहित करेंगे मतदान