गुवाहाटीः लोकसभा चुनाव के तीसरे और असम के लिए अंतिम चरण के तहत असम की चार लोकसभा सीटों पर मंगलवार को होने वाले मतदान में 47 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला आज होगा। इस बार 47 उम्मीदवारों में 41 पुरुष और महिला उम्मीदवारों की संख्या छह है। चार निर्वाचन क्षेत्रों में कोकराझाड़ (एसटी), धुबड़ी, बरपेटा और गुवाहाटी में मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। असम सचिवालय स्थित चुनाव अधिकारी के  कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता संम्मेलन के दौरान असम के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ)अनुराग गोयल ने कहा कि असम में चार सीटों पर होने वाले मतदान के लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। हमारी पूरी कोशिश है कि मतदान पूरी तरह से निष्पक्ष और शांतिपूर्वक हो। गोयल ने कहा कि राज्य में तीसरे चरण के मतदान के लिए कुल मतादाताओं की संख्या 8149091 है, इनमें पुरुष, 41,00544, महिला मतदाता 40,48,436, 18-19 वर्ष के मतदाता 210177, 20-29 वर्ष के मतदाता 2300787 और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 111 शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य के 9,516 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे जहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा और सुरक्षाबलों की 60 कंपनियां तैनात की गई हैं। असम के मुख्य निर्वाचन  अधिकारी अनुराग गोयल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के तहत चार लोस सीटों के लिए 9516 बैलेट यूनिट, 9516 कंट्रोल यूनिट और 9516 वीवीपैट की व्यवस्था की गई है ताकि मतदाता अपने मतदान केंद्रों पर आसानी और जल्दी से मतदान कर सके। उल्लेखनीय है कि इस बार सभी की निगाहें प्रतिष्ठित गुवाहाटी सीट पर होंगी जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)और कांग्रेस दोनों ने ही महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। भाजपा की ओर से बिजुली कलिता मेधी उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने मीरा बरठाकुर गोस्वामी को चुनावी मैदान में उतारा है। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में एआईयूडीएफ के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल हैं, जो धुबड़ी से लगातार चौथी बार लोकसभा जाने की तैयारी में हैं। अजमल का मुकाबला कांग्रेस विधायक रकिबुल हुसैन से है। इसके अलावा असम गण परिषद (अगप) के आठ बार के विधायक फणिभूषण चौधरी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक मनोरंजन तालुकदार भी इस चरण में मैदान में है। बरपेटा लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि गुवाहाटी में सबसे कम आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में अंतिम चरण के चुनाव में छह महिलाएं भी उम्मीदवार हैं। भाजपा ने इस चरण में सिर्फ गुवाहाटी सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा किया है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी अगप दो सीट - धुबड़ी और बरपेटा तथा यूपीपीएल-कोकराझाड़ में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल (वीपीआई) सभी चार सीट पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि बीपीएफ, तृणमूल कांग्रेस, भारतीय गण परिषद, एसयूसीआई (सी) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) दो-दो सीट पर चुनाव लड़ रही हैं। एआईयूडीएफ, माकपा, गण सुरक्षा पार्टी, हिंदू समाज पार्टी, असम जन मोर्चा, नेशनल रोड मैप पार्टी ऑफ इंडिया, राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल, एकम सनातन भारत दल और बहुजन महा पार्टी आदि दल एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा इस बार 16 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं।