चेन्नईः चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज मथीशा पाथिराना हैमस्टि्रंग की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बचे हुए इस चरण से बाहर हो गए और वह जल्द ही चोट से उबरने के लिए श्रीलंका लौटेंगे। पाथिराना ने अभी तक आईपीएल के इस चरण में छह मैच खेलकर 13 विकेट झटके हैं।सीएसके ने रविवार को मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स पाथिराना के जल्द ठीक होने की कामना करती है। पाथिराना सीएसके के लिए अंतिम मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला था जिसमें टीम 78 रन से जीती थी। इस मैच में उन्होंने दो ओवर डाले थे तथा ऐडन मार्कराम और हेनरिक क्लासेन का विकेट लिया था। पाथिराना का बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा झटका है क्योंकि इससे उसकी गेंदबाजी पर असर पड़ेगा। तेज गेंदबाज ऑल राउंडर दीपक चाहर भी पंजाब किंग्स के मैच में लगी हल्की चोट के कारण आईपीएल के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। चाहर सिर्फ दो गेंदें फेंकने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे और शार्दुल ठाकुर ने उनका ओवर पूरा किया था।  सीएसके के श्रीलंकाई स्पिनर महेश तीक्ष्णा कम से दो और मैच में नहीं खेल पाएंगे।