गुवाहाटी : असम की चार लोकसभा सीटों पर सात मई को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में मैदान में उतरे 47 उम्मीदवारों में से 15 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जिनमें धुबड़ी सीट से चुनाव लड़ रहे ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। करोड़पति उम्मीदवारों में कांग्रेस और असम गण परिषद (एजीपी) के दो-दो, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एआईयूडीएफ, बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ), यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी, लिबरल (यूपीपीएल), तृणमूल कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और एकम सनातन भारत के एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं। उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामों के अनुसार चार निर्दलीय भी हैं, जो करोड़पति हैं। कोकराझाड़ (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही निर्दलीय उम्मीदवार तृप्तिना राभा के पास चल संपत्ति के रूप में 25,521 रुपए के साथ सबसे कम संपत्ति है। करोड़पति उम्मीदवारों की सूची में दो महिलाएं भाजपा की बिजुली कलिता मेधी और कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर गोस्वामी हैं। दोनों गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी चार उम्मीदवार करोड़पति हैं। कुल चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या 32 प्रतिशत है। लगातार चौथी बार सीट बरकरार रखने के लिए धुबड़ी से चुनाव लड़ रहे अजमल 155 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सभी उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं, जिनके पास 28.89 करोड़ रुपए की चल और 126.17 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनके बाद बरपेटा निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार दुलु अहमद हैं, जिनके पास 63 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 6.16 करोड़ रुपए की चल और 57.41 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन 25 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिसमें 2.49 करोड़ रुपए की चल और 22.80 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है। गुवाहाटी से कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बोरठाकुर गोस्वामी के पास 2.37 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 27.44 लाख रुपए की चल और 2.10 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है, जबकि उनकी भाजपा प्रतिद्वंद्वी बिजुली कलिता मेधी के पास 1.61 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 31.89 लाख रुपए की चल और 1.30 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। बरपेटा से चुनाव लड़ रहे भाजपा के गठबंधन सहयोगी उम्मीदवार फणिभूषण चौधरी के पास तीन करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 79.56 लाख रुपए चल और 2.48 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है, जबकि धुबड़ी से चुनाव लड़ रहे उनके पार्टी सहयोगी जावेद इस्लाम के पास 1.57 करोड़ रुपए और 97.22 लाख रुपए की संपत्ति है। उनके पास 60.15 लाख रुपए की चल संपत्ति और 60.15 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। कोकराझाड़ (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे राजग के एक अन्य सहयोगी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के उम्मीदवार जयंत बसुमतारी के पास 2.28 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 27.44 लाख रुपए चल और 2.10 करोड़ रुपए अचल संपत्ति है। कोकराझाड़ (एसटी) से चुनाव लड़ रहे बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के कंपा बरगायरी के पास 24 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है जिसमें 18.94 करोड़ रुपए चल और 5.91 करोड़ रुपए अचल संपत्ति है। बरपेटा से चुनाव लड़ रहे माकपा की मनोरंजन तालुकदार के पास 1.56 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 76.57 लाख रुपए की चल और 80 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। तृणमूल कांग्रेस के अबुल कलाम आजाद के पास कुल 1.31 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें 80.60 लाख रुपए की चल और 50.90 लाख रुपए की अचल संपत्ति है, जबकि गुवाहाटी से चुनाव लड़ रहे एकम सनातन भारत के अमिताभ शर्मा के पास कुल चल संपत्ति के साथ 13.88 करोड़ रुपए की संपत्ति है। निर्दलीय उम्मीदवारों में बरपेटा के जगन्नाथ राय के पास 2,53 करोड़ रुपए की संपत्ति है, गुवाहाटी के कर्नल गोकुल चंद्र सिंघा और काजी नेकिब अहमद के पास क्रमशः 1.79 करोड़ रुपए और 1.50 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
असम : लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 15 उम्मीदवार करोड़पति