पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 7 मई को मतदान होना है। रविवार शाम 5 बजे बरपेटा, धुबड़ी, गुवाहाटी और कोकराझार निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। 7 मई में इन चार निर्वाचन क्षेत्रों में अंतिम चरण का मतदान होगा। सभी चार निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 47 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। धुबड़ी निर्वाचन क्षेत्र में एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीम अजमल और कांग्रेस नेता रकिबुल हुसैन हेवीवेट उम्मीदवारों के रूप में चुनाव लड़ेंगे। गुवाहाटी सीट पर कांग्रेस की मीरा बरठाकुर गोस्वामी और भाजपा की बिजुली कलिता मेधी के बीच भी टक्कर होने की संभावना है। उसी प्रकार बरपेटा और कोकराझार निर्वाचन क्षेत्र में भी इस साल के चुनाव में सत्तारूढ़-विपक्ष संघर्ष ध्यान का केंद्र बन गया है।
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के अनुसार, राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव के प्रत्येक चरण में मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पहले अपना चुनाव अभियान समाप्त करना आवश्यक है। तदनुसार, राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को 7 मई को होने वाले 4 निर्वाचन क्षेत्रों के तीसरे चरण के चुनाव के लिए 5 मई को शाम 5 बजे अपना प्रचार अभियान समाप्त करना होगा। कोई भी व्यक्ति 5 मई की शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार सभा, जुलूस आदि आयोजित नहीं कर सकेगा या किसी सार्वजनिक स्थान पर प्रचार नहीं कर सकेगा।
इस दौरान टेलीविजन, सिनेमैटोग्राफ या किसी अन्य माध्यम से चुनाव प्रचार भी प्रतिबंधित है। इस अवधि में चुनाव संबंधी प्रचार-प्रसार से जनता को प्रभावित करने वाला कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य कार्यक्रम अथवा कोई मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा। मतदान के मामले में अपने निर्णय से चुनाव में भाग लेने के लिए मतदाताओं के हित में यह प्रतिबंध लगाया गया है।