कोकराझाड़ : कोकराझाड़ जिले के कालिपुखरी अंचल के जोराइगांव खेल मैदान में  आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद हम पचास हजार युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी देंगे, जिनमें से 30 प्रतिशत लड़कियों के लिए रिजर्वेशन दिया जाएगा। साथ ही कहा कि सरकार की सारी सुविधाएं पाने के लिए एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी को जिताना होगा। इसलिए आप लोग नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए ट्रैक्टर चिन्ह पर वोट दें। चुनाव बाद बिसमुरी से सरलपाड़ा तक एक पक्की सड़क निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही कलिपुखरी से बासुगांव तक जाने के लिए पक्का पुल बनाएंगे।

कालिपुखरी हाईस्कूल को हायर सेकंडरी में तब्दील किया जाएगा। कालीपुखरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विकास किया जाएगा। हर घर में अरुणोदय योजना दिया जाएगा। राशनकार्ड व प्रधानमंत्री आवास योजना का घर प्रदान किया जाएगा। साथ ही कहा कि सभी के लिए बहुत ही जल्द आधार कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी। मैट्रिक व हायर सेकंडरी परीक्षा पास करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का एडमिशन नि:शुल्क होगा। साथ ही लड़कियों को पढ़ाने के लिए 10 रुपया बैंक खातों में दिया जाएगा। इस अवसर पर बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोड़ो, मंत्री यूजी ब्रह्म, विधायक लोरेंस इसलारी, अगप केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष कर्ण मोहन राय उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि शाम 7 बजे कोकराझाड़ सरकारी उच्चतर माध्यमिक बहुमुखी विद्यालय खेल प्रांगण से यूपीपीएल समर्थित एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी के समर्थन में कोकराझाड़ शहर के शांति नगर होते हुए डीएन हिमतसिंगका हाई स्कूल खेले मैदान तक मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने एक विशाल रोड़ शो में हिस्सा लिया। उक्त रोड़ शो में कोकराझाड़ के अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल, मंत्री यूजी ब्रह्म, एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी, विधायक लोरेंस इसलारी उपस्थित थे। इस मौके पर बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने कहा कि आज के इस रोड शो में भारी संख्या में उपस्थित होकर लोगों ने यह साबित कर दिया है कि एक नंबर कोकराझाड़ लोकसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी भारी मतों से जीतेंगे।