बरपेटा रोड : मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि यदि पाकिस्तान में चुनाव हों तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी वहां जीत जाएंगे, लेकिन भारत में जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होगी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को पाठशाला में अगप और भाजपा की संयुक्त विजय संकल्प रैली में भाग लिया। इस दौरान हिमंत ने दावा किया कि यदि पाकिस्तान में चुनाव हों तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी वहां जीत जाएंगे, लेकिन भारत में जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होगी। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से पाठशाला स्थित भगवती क्षेत्र पहुंचे।

उसके बाद वे बजाली हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में शामिल हुए। इस सभा में असम गण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अतुल बोरा, स्थानीय विधायक और असम सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास, विधायक फणीधर तालुकदार, एजीपी नेता डॉ. रंजीत डेका, एजीपी जिला अध्यक्ष जिंटू  और पटाचारकुचि मेयर जॉली चौधरी, जयंत तहबिलदार बजाली भाजपा अध्यक्ष नगेन चौधरी, एजीपी नेता जिंटू चौधरी सहित भाजपा, एजीपी और यूपीपीएल के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

शर्मा ने बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में एक रैली के इतर कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हैं और यदि वहां चुनाव हों और वह चुनाव लड़ें, तो वह भारी अंतर से जीतेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है। उन्होंने यह बात तब कही जब उनसे पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा किए जाने पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई थी। शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि हम आत्मसमर्पण करते हुए हाथ उठाते हैं कि हम पाकिस्तान में राहुल गांधी की बराबरी नहीं कर सकते और वह निश्चित रूप से वहां जीतेंगे। पाकिस्तान में इमरान खान की कैबिनेट के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर गांधी का एक वीडियो साझा किया था और उनकी प्रशंसा की थी, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी आलोचना की थी।

शर्मा ने कहा कि भारत में वैसा कुछ नहीं होगा जैसा पाकिस्तान चाहता है, बल्कि भारत में उसके विपरीत होगा। उन्होंने उन दो लोकसभा सीट पर गांधी की जीत की संभावनाओं पर एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत में, नरेंद्र मोदी की बल्ले-बल्ले है। गांधी केरल में वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं और वह वहां से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उन्होंने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रायबरेली राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी का पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र रहा है। सोनिया गांधी ने वर्ष 2004 से 2024 तक रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि वह अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गई हैं। इससे पहले बृहस्पतिवार को शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इस पूर्वोत्तर राज्य में अप्रासंगिक हैं और उनका टाइम खत्म हो गया है। उन्होंने प्रियंका गांधी के इन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि असम में माफिया राज है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने कांग्रेस शासित दिन नहीं देखे हैं। अब, कोई विस्फोट, गोलीबारी की घटनाएं, उल्फा या एनडीएफबी नहीं हैं जो उस समय सक्रिय थे। शर्मा ने भाजपा के वाशिंग मशीन होने संबंधी विपक्षी दल के तंज पर भी पलटवार किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास एक बड़ी और हाई वोल्टेज वॉशिंग मशीन है जिसका इस्तेमाल उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मामले में किया। उन्होंने कहा कि उनके (कांग्रेस) पास एक बड़ी वाशिंग मशीन है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को किस वॉशिंग मशीन में धोया? मैं प्रियंका गांधी से पूछता हूं, चार महीने पहले वह कह रही थीं कि केजरीवाल ने शराब घोटाले के जरिए पैसे लूटे हैं लेकिन अब वह एक अच्छे इंसान हैं, उनके पास कौन सी हाई वोल्टेज वॉशिंग मशीन है?