पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : डिमा हसाओ जिले के लोगों में 2022 की प्राकृतिक आपदा की याद अभी भी ताजा है, लेकिन बुधवार रात से उन्हें फिर से प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ा है। जिले में भारी बारिश से लोग बेहाल हो रहे हैं। पर्वतीय जिले में प्रकृति के तांडव के कारण विभिन्न क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है। लमडिंग-सिलचर हिल लाइन रेल मार्ग को अनिश्चित काल के लिए निलंबित कर दिया गया है। गुवाहाटी-हावड़ा से डिमा हसाओ जिला में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी करने के बाद जिला आपदा न्यूनीकरण विभाग के अध्यक्ष तथा जिला आयुक्त सीमांत कुमार दास ने 2 मई से 4 मई तक डिमा हसाओ जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है।
आम जनता को चेतावनी दी गई है कि जब तक कोई आपात स्थिति न हो, वे अपने घरों से बाहर न निकलें। इसके अलावा जिला प्रशासन ने प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जिला आपदा न्यूनीकरण विभाग ने किसी भी प्राकृतिक आपदा के लिए 03673-1077, 03673-23632, 03673-23624 लैंडलाइन नंबर जारी करने के अलावा देवजीत बोरा (एफओ) 7002295941, जॉनी जेड चिन्जा (एफओ) 8761032821, टी. फातिमा डुंगेल (एफओ) 9394537170, सी रोजर डुंगेल (एफओ) 8135836384, किचातुइंग जेम (एफओ) 6000267407 और आर. सेबोइथोंग सांगसन (एफओ) 9954313254 नंबर पर संपर्क करने का निर्देश जारी किया है। बुधवार रात से भारी बारिश के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन होने के कारण कई जगहों पर संचार प्रणाली विच्छिन्न हो गया है।
भारी बारिश के कारण पहाड़ों से उतरती जलधाराओं से जिले में विभिन्न पहाड़ी नदियों में उफान आ गया है। प्रबल जलस्रोत के कारण जनस्वास्थ्य तकनीकी विभाग की पाइपलाइन ध्वस्त हो गई है जिसके कारण हाफलोंग शहर में झील का जलस्तर अचानक बढ़ गया है और शहर के विभिन्न हिस्सों में कृत्रिम बाढ़ देखी गई है। कृत्रिम बाढ़ से शहर का रामनगर क्षेत्र जलमग्न हो गया है और बाढ़ के कारण कई घरों में पानी भर गया है। इसके अलावा माईबांग महकमें के दामादि क्षेत्र में बिजली के खंभे गिरने के कारण बिजली सेवाएं बाधित हो गईं है और स्थिति खतरनाक बताई जा रही है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में भारी तूफान ने जिले के उमरांगसो इलाके में कई घरों को नष्ट कर दिया है।
सड़क पर कई पेड़ गिरे हुए हैं और क्षेत्र में बिजली सेवाएं बाधित हो गईं है। माईबांग क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सुरंग नं. 14 बंद हो गया है और इलाके में रेलवे लाइन को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि जिले में रेल संचार कटा हुआ है, लेकिन अब तक सड़क संचार सुचारू है। उल्लेखनीय है कि 2022 में प्राकृतिक आपदा के कारण जिला बाहरी दुनिया से कट गया था। सड़क और रेल संचार पूरी तरह से बाधित हो गया था। अगर भारी बारिश जारी रही तो जिले में हालात और भी खराब होने की आशंका है।