धुबड़ी : धुबड़ी लोकसभा सीट पर क्या इस बार कोई ऐतिहासिक परिवर्तन होने जा रहा है? क्योंकि आज यहां चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद पत्रकारों द्वारा धुबड़ी सीट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने स्पष्ट रुप से कहा कि चारों तरफ भाजपा की लहर है तथा हम 14 की 14 सीटें जीत रहे हैं तथा धुबड़ी भी क्लीयर दिशा में आगे बढ़ रहे हैं तथा 6 मई की संध्या तक धुबड़ी सीट भी क्लीयर हो जाएगी।
दरअसल गौर करने लायक विषय यह है कि 7 मई मतदान के ठीक पूर्व संध्या तक क्या यहां कोई बड़ा खेल होने वाला है। मुख्यमंत्री ने जो संकेत दिए हैं, दरअसल इसे लेकर अब राजनीतिक स्तर पर निश्चित रूप से धुबड़ी का तापमान और भी बढ़ने वाला है।
मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की सभा से भी कई गुणा ज्यादा लोग आज मेरी सभा में मौजूद थे, जो संकेत है कि धुबड़ी की जनता अब परिवर्तन चाहती है। साथ ही उन्होंने प्रियंका के माफिया राज वाले बयान पर भी पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि रकिबूल हुसैन के वन मंत्री रहते गैंडों की हत्या,खुला माफिया राज क्या प्रियंका को नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि राहुल प्रियंका का अब धुबड़ी में कोई काम नहीं है।