पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता डिब्रूगढ़ : डिब्रूगढ़ जिले के मोकाल चाय बागान के दो युवकों की महामारी डायरिया से मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे अंचल में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार मोकालबाड़ी चाय बगीचा के माखन बाउरी (25) और राहुल बाउरी (23) की डायरिया से ग्रसित होकर मृत्यु हो गई। जबकि बागान के बहुत से लोग महामारी डायरिया से पीड़ित हो उल्टी व शौच कर रहे हैं।
डायरिया से पीड़ित चार लोगों को गंभीर हालत में असम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीडि़तों की पहचान मनीषा बाउरी (12), दीपक बाउरी (48), निबास बाउरी (18) और कुंदन बाउरी (45) के रूप में की गई है। जबकि कई अन्य मरीजों को स्थानीय बागान स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डायरिया के प्रकोप में वृद्धि की रिपोर्ट मिलने के बाद लाहोवाल क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र की एक टीम मोकलबाड़ी चाय बागान पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।