पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ फैला रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में आई तो उसका इरादा संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने का है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि असम की 14 सीटों में भाजपा 12 सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही 400 को पार करने में सक्षम होगी। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री कांग्रेस इस तरह के झूठ फैला रही है कि भाजपा संविधान बदल देगी और आरक्षण समाप्त कर देगी। हम मतदाताओं को अल्पसंख्यक या बहुसंख्यक के रूप में नहीं देखते। शाह ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण के समर्थक हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने कई सार्वजनिक भाषणों में इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दलित, आदिवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया है, क्योंकि उन्होंने अविभाजित आंध्र प्रदेश में मुसलमानों को आरक्षण दिया था, जिसमें अन्य पिछड़ा वर्ग प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि बिना कोई सर्वेक्षण किए कांग्रेस ने कर्नाटक के सभी मुसलमानों को ओबीसी श्रेणी में डाल दिया और अल्पसंख्यकों के लिए चार प्रतिशत कोटा आरक्षित कर दिया। गृहमंत्री ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण में विश्वास नहीं रखती और पार्टी इन राज्यों में सत्ता में आने पर धर्म-आधारित आरक्षण को समाप्त कर देगी। उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि मौजूदा चुनाव में अपने प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की निराशा इस हद तक पहुंच गई है कि उन्होंने अब मेरे और कुछ अन्य भाजपा नेताओं के फर्जी वीडियो बनाना और साझा करना शुरू कर दिया है। यहां तक कि मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों ने भी ऐसे वीडियो को शेयर किए हैं। सौभाग्य से मैंने वास्तव में जो कहा वह भी रिकॉर्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि शाह ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान अपना पुराना वीडियो दिखाया।
मीडिया को संबोधित करते हुए श्री शाह ने दावा करते हुए कहा कि असम की 14 लोकसभा सीटों में से भाजपा गठबंधन 12 सीटों पर जीतेगी। प्रदेश के लोग भाजपा के विकास कार्य को देखते हुए पार्टी के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव के दो चरणों में भाजपा पहले ही 100 सीटों के आंकड़े को पार कर चुकी है और 400 सीटें जीतने की ओर बढ़ रही है। असम बंगाल,उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड राज्यों में हम बड़ी चुनावी जीत की ओर देख रहे हैं। साथ ही कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में भी हम बड़ी जीत हासिल करेंगे। तीन राज्यों कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में मतदान हो चुका है। शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि दक्षिण भारत में भी बीजेपी को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। यही कारण है कि हम 400 सीटें जीतने का लक्ष्य जरूर साकार करेंगे। भारत की जनता ने भाजपा को दो बार 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत का आशीर्वाद दिया है।
हम 10 साल से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार चला रहे हैं। हमने कभी भी बहुमत का इस्तेमाल आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने के लिए नहीं किया जैसा कि कांग्रेस ने किया। हमने इसका इस्तेमाल कभी संविधान बदलने या लोकसभा का कार्यकाल बढ़ाने के लिए नहीं किया। हमने बहुमत का उपयोग धारा 370 को समाप्त करने, तीन तलाक को समाप्त करने, औपनिवेशिक कानूनों को निरस्त करने और भारतीय कानून बनाने और महामारी से लडऩे के लिए कानूनों और प्रक्रियाओं में सुधार के लिए किया। हमारी सरकार ने जनादेश का उपयोग राम मंदिर के निर्माण के लिए अनुकूल जमीन बनाने के लिए भी किया। रेवन्ना के मामले का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि मीडिया में रेवन्ना को लेकर जो मामला सामने आया है वह बेहद दुखदायी है और इसे किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि इस घटना में राजग सहयोगी के उम्मीदवार शामिल हैं, लेकिन मैं सिर्फ एक छोटा-सा सवाल पूछना चाहता हूं कि उस राज्य (कर्नाटक) में किसकी सरकार है? उन्होंने पूछा कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। शाह ने कहा कि हम कोई कार्रवाई नहीं कर सकते क्योंकि, कानून-व्यवस्था राज्य का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी हमसे इस मुद्दे पर सवाल कर रही हैं, लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या मुझसे पूछने के बजाए, अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के क्रमश:अमेठी और रायबरेली से चुनाव लडऩे के बारे में शाह ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश में अपनी पारंपरिक सीटों से भाग रहे हैं और मुझे नहीं लगता कि उनमें वहां से चुनाव लडऩे की हिम्मत है। शाह ने कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण में विश्वास नहीं रखती। हम देशभर में समान नागरिक संहिता लागू करने और यह सुनिश्चित करने के पक्ष में हैं कि सभी धर्मों के लोगों के लिए एक कानून हो। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि किसी धर्मनिरपेक्ष देश में धर्म के आधार पर कानून होना सही नहीं है और यह संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुस्लिम पर्सनल लॉ को वापस लाने के कांग्रेस के घोषणापत्र में किए गए वादे की निंदा करती है। गृह मंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा को दक्षिणी राज्यों में भी मतदाताओं का बहुत अच्छा समर्थन मिल रहा है।