पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर

गुवाहाटी : हर साल अक्तूबर के महीने में मौसम का मिजाज बदल जाता है,इसके साथ ही दुर्गोत्सव के पावन अवसर पर फिजा में शीतलता छा जाती है। परंतु इस साल अक्तूबर माह में गर्मी का व्यापक प्रभाव दिखा। गत कल सुबह से हल्की बारिश के बाद मौसम के मिजाज में थोड़ा बदलाव दिखा है,  जिससे मौसम काफी सुहाना रहा। वहीं सोमवार को सुबह से तेज धूप निकली,परंतु गत कल की अपेक्षा आज ताममान में गिरावट दर्ज हुई है। 4 बजते-बजते आसमान में काले बादल मडराने लगे। शाम होने के बाद हल्की बारिश भी शुरू हो गई। रात होते होते कुछ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आज पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश शुरू हो गई है। विभाग का कहना है कि सोमवार से गुरूवार तक अर्थात 4 दिनों तक बारिश होने की प्रबल संभावना है। बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर भारत तक नीचले स्तर की दक्षिण / दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने के कारण नमी की संभावना है। इसके प्रभाव से 18 अक्तूबर से पूर्वोत्तर के अधिकतर राज्यों में भारी वर्षा होने के साथ ही तापमान में बहुत भारी गिरावट होने की संभावना है। विभाग ने इससे संबंधित कई चेतावनी भी दी है। आईएमडी की रिपोर्ट में कहा गया है कि अपेक्षित वर्षा गतिविधि के कारण सोमवार से उत्तर पूर्वी राज्यों में दिन के अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है। विभाग ने इससे  संभावित प्रभाव को दर्शाते हुए बताया है कि भारी वर्षा के कारण दृश्यता में कभी-कभी कमी होने के साथ निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीयकृृत भूस्खलन, फ्लैश फ्लड की संभावनाएं हैं।  गुवाहाटी मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल शिलांग में .05 मिली मीटर, अगरतला में .03 मिलीमीटर  के साथ गुवाहाटी व अन्य शहरों में भी बारिश हुई, जिससे मौसम का मिजाज बदला बदला सा लगा। आज सबसे अधिक तापमान गुवाहाटी में 35.03 डिग्री तथा सबसे कम कोहिमा में 25.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान गुवाहाटी का 26.5 व कोहिमा में 15.4 डिग्री सेंल्यिस आंका गया। विभाग ने बताया कि आज का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गत कल अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री तथा न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सिय आंका गया था।