पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा को इस साल लोकसभा चुनाव में 14 निर्वाचन क्षेत्रों में कम से कम 20 प्रतिशत मुस्लिम वोट मिलने की उम्मीद है। डॉ. शर्मा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि राज्य में पहले और दूसरे चरण के चुनाव वाले 10 निर्वाचन क्षेत्रों में मुसलमानों के एक बड़े हिस्से ने भाजपा का समर्थन किया है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मुस्लिम मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा भाजपा का समर्थन करता है। लोकसभा के बाकी चार सीटों पर भी यही सिलसिला जारी रहेगा। लोकसभा चुनाव से पहले कई जनमत सर्वेक्षणों से पता चला कि उत्तरी असम निर्वाचन क्षेत्रों में कुछ मुस्लिम मतदाता भाजपा का समर्थन करना जारी रखेंगे। इन क्षेत्रों में मुख्य रूप से असम के स्वदेशी मुसलमानों का निवास है जिन्हें स्थानीय तौर पर खिलंजिया मुसलमानों के नाम से जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के अन्य नेता असम की केंद्र सरकार या भाजपा सरकार किसी भी धार्मिक समुदाय के प्रति कोई पूर्वाग्रह या शत्रुता नहीं रखती है। असम में मुस्लिम मतदाताओं का एक वर्ग यह समझता है। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे नेताओं ने लगातार मुस्लिम तुष्टीकरण को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उस माहौल में हिमंत की टिप्पणियां काफी महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा दावा करते थे कि उन्हें मुस्लिम वोटों की आवश्यकता नहीं है। लेकिन वे अब मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अपने चाचाओं और जनाबों से वोट मांगने गए हैं। तथाकथित मिया इलाकों में मुस्लिम वोट पाने के लिए भाजपा नेतृत्व एक के बाद एक वादे कर रहा है। धार्मिक अल्पसंख्यकों का वोट हासिल करने के लिए भाजपा हर दिन नए हथकंडे अपना रही है। यहां तक कि भाजपा ने प्रचार के लिए अल्पसंख्यक धार्मिक नेताओं को भी आयात किया है। नगांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के प्रचार के लिए जमात-ए-उलेमा-ए-हिंद नेता को लाया गया है। जमात-ए-उलेमा-ए-हिंद के नेता मौलाना अताउर रहमान कासिमी खुलेआम नगांव में भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं। भाजपा धार्मिक अल्पसंख्यक इलाकों में रैलियां करके मुसलमानों को यह समझाने की कोशिश कर रही है कि भाजपा और सरकार उनके दुश्मन नहीं, बल्कि उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं।
20 प्रति. मुस्लिम देंगे भाजपा को वोट : मुख्यमंत्री