डिजिटल डेस्क: भाजपा ने मुंबई हमले के गुनहगार पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को फांसी के तख्ते तक पहुंचाने वाले जाने-माने वकील पद्मश्री उज्ज्वल निकम को मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। वह कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। BJP ने मौजूदा सांसद पूनम महाजन को मुंबई उत्तर मध्य से उम्मीदवार के रूप में हटा दिया और उनकी जगह निकम को उम्मीदवार बनाया।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार पार्टी नेताओं के मुताबिक, कई चुनाव सर्वेक्षणों में उनके लिए नकारात्मक रेटिंग दिखाए जाने के बाद महाजन को हटाने का निर्णय संगठनात्मक प्रतिक्रिया पर आधारित था। कुछ नेताओं ने यह भी दावा किया कि यह निर्णय कुछ समय पहले लिया गया था, लेकिन पार्टी को उनके स्थान पर नेता की तलाश करने में समय लगा। उज्ज्वल निकम को पहले मुंबई उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा चल रही थी। लेकिन, शनिवार को अचानक उनका नाम मुंबई उत्तर-मध्य क्षेत्र के लिए घोषित कर दिया गया।