पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटीः असम सहित देश में दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव होने के बाद सत्तारूढ भाजपा सहित अन्य दलों ने सात मई को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव के लिए धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा तीसरे चरण के चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा कि गुवाहाटी संसदीय क्षेत्र के भाजपा नीत गठबंधन की प्रत्याशी बिजुली कलिता मेधी के लिए धुआंधार प्रचार करने के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह आगामी 29 अप्रैल को गुवाहाटी पहुंचेंगे। वे अपने इस दौरे के दौरान 29 अप्रैल को गुवाहाटी शहर में साइकिल फैक्ट्री से लाल गणेश तक दो किलोमीटर के रोड शो में भाग लेंगे। रोड शो गुवाहाटी महानगर जिला समिति के तहत आयोजित किया जाएगा और राज्य भाजपा पदाधिकारियों ने रोड शो को सफल आयोजन के लिए पहले से ही कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रोड शो में उनके साथ मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा,वे खुद रहने के साथ ही असम सरकार के कई मंत्री भी उमस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस रोड शो में करीब एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। दूसरे चरण में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने मतदाताओं का आभार प्रकट किया और तीसरे चरण में होने वाले मतदान में अधिक संख्या में भाल लेने की अपील की।
अमित शाह का 29 को गुवाहाटी में रोड शो