पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मैट्रिक परीक्षा के नतीजे घोषित होने के बाद अब उच्चतर माध्यमिक परीक्षा के नतीजों की घोषणा को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। हालांकि, शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने घोषणा की है कि हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम 5 मई तक घोषित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि परिषद परिणाम घोषित करने के लिए पहले से ही तैयार है। गौरतलब है कि हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा के नतीजे 20 अप्रैल में घोषित किए गए थे। बुधवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक ममता होजाई ने राज्य में सरकारी और निजीकृत स्कूलों और कॉलेजों में प्रति वर्ष 2 लाख रुपए से कम आय वाले परिवारों के बच्चों के लिए छठी कक्षा से बारहवीं कक्षा तक नामांकन सहित सभी शुल्क में छूट की घोषणा की। नोटिस में कहा गया है कि आदेश तुरंत लागू होगा। गौरतलब है कि मंगलवार को हायर सेकेंडरी के प्रथम वर्ष में ऑनलाइन नामांकन के लिए दर्पण पोर्टल लॉन्च किया गया था। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 2 मई है। संस्थानों को 3-4 मई में मेरिट सूची और प्रतीक्षा सूची तैयार करनी होगी। मेरिट लिस्ट 5 मई की आधी रात को जारी की जाएगी। प्रवेश के लिए छात्रों को 6-8 मई को संस्थान के नाम की पुष्टि करनी होगी। प्रवेश प्रक्रिया 9-10 मई को ऑनलाइन पूरी की जाएगी।
हायर सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम 5 को