पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : नामांकन खारिज करने की मांग के बावजूद चुनाव अधिकारी ने सोमवार को गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बरठाकुर गोस्वामी के नामांकन पत्र को वैध घोषित कर दिया, इस तरहल कांग्रेस प्रत्याशी बाल-बाल बच गईं। उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे वाले दो उम्मीदवार अमिताभ शर्मा और काजी नेकिब अहमद ने मीरा बरठाकुर गोस्वामी द्वारा जिला रिटर्निंग अधिकारी के पास दाखिल किए गए नामांकन पत्र  और शपथ पत्र में बड़े पैमाने पर अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए थे। अमिताभ शर्मा और काजी नेकिब अहमद ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बरठाकुर गोस्वामी के नामांकन पत्र और हलफनामे में गंभीर त्रुटियों के बावजूद उनका नामांकन पत्र खारिज नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि मीरा बरठाकुर गोस्वामी ने दो हलफनामे दाखिल किए थे और दोनों ही काफी त्रुटिपूर्ण थे। हमने तुरंत जिला रिटर्निंग अधिकारी के पास एक लिखित शिकायत दर्ज की और प्रतियां केंद्रीय चुनाव आयोग, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी और 5वें गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक को भेजीं। हमने त्रुटिपूर्ण हलफनामा दाखिल करने के लिए मीरा बरठाकुर गोस्वामी की उम्मीदवारी को खारिज करने के लिए चुनाव आयोग को एक पत्र भेजा है। गौरतलब है कि दोनों उम्मीदवारों के आरोपों के बावजूद चुनाव अधिकारी ने सोमवार को मीरा बरठाकुर गोस्वामी के नामांकन पत्र को वैध घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए 4 लोकसभा क्षेत्रों के चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई और 8 प्रत्याशी के नामांकन रद्द कर दिए गए। परीक्षण के अंत में कोकराझाड़ निर्वाचन क्षेत्र से 1 उम्मीदवार, धुबरी निर्वाचन क्षेत्र से 4 उम्मीदवार, बरपेटा निर्वाचन क्षेत्र से 1 उम्मीदवार और गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र से 2 उम्मीदवारों  के नामांकन रद्द कर दिए गए। जांच के बाद लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कुल 52 उम्मीदवारों के नामांकन को जांच के बाद वैध माना गया था, वहीं दूसरी ओर सोमवार को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था।

कोकराझार निर्वाचन क्षेत्र से 3 उम्मीदवारों और धुबरी निर्वाचन क्षेत्र से 2 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में कोकराझाड़ में 12, धुबड़ी में 13, बरपेटा में 14 और गुवाहाटी में 8 उम्मीदवार सहित कुल 47 उम्मीदवारों का नामांकन वैध घोषित किया गया।