वायनाड : मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव 2024 इसलिए लड़ रहे हैं क्योंकि वह दिल्ली के लुटियंस जोन में लग्जरी सरकारी बंगला बरकरार रखना चाहते हैं। राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में सोमवार को बीजेपी के चुनाव प्रचार के दौरान हिमंत विश्वशर्मा ने सवालिया लहजे में कहा कि साल में एक महीना भी क्या राहुल गांधी वायनाड में रहते हैं?...आप लोगों को उन्होंने कभी घर खाने के लिए बुलाया है? तो उनको आप क्यों वोट देते हो? राहुल गांधी सांसद नहीं है, वो टूरिस्ट हैं।
टूरिस्ट के हिसाब से ही वह यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के लिए उसका फ्लैग मां की तरह होता है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने राहुल गांधी को धमकी दी है कि तुम यहां अपना फ्लैग लेकर नहीं निकल सकते। आईयूएमएल ने राहुल गांधी को धमकी दी और उन्होंने डरकर वायनाड से कांग्रेस के झंडे निकाल दिए। हिमंत ने आगे कहा कि राहुल गांधी को वायनाड से प्यार नहीं है। राहुल गांधी वायनाड को सेफ सीट समझकर यहां चुनाव जीतने आए हैं। क्या इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पीएम मोदी को धमकी दे सकती है? क्या वे मुझे असम में धमकी दे सकते हैं? मुझे धमकी देंगे तो मैं उन्हें पाकिस्तान भेज दूंगा।
आईयूएमएल राहुल गांधी को नाम बदलने के लिए बोलेगा, तो राहुल गांधी अपना नाम बदलकर पप्पू गांधी कर लेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने वायनाड लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार के सुरेंद्रन के समर्थन में केरल के मलप्पुरम में एक रोड शो का भी नेतृत्व किया। राहुल गांधी इस बार भी केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। पिछले यानी कि साल 2019 के आम चुनाव में तो उन्हें इस सीट से जीत मिली थी, मगर दूसरी सीट (उत्तर प्रदेश के अमेठी) से वह हार गए थे।
अमेठी में उन्हें बीजेपी की स्मृति ईरानी के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी, जिसे बीजेपी ने आगे चलकर बड़ा मुद्दा बनाया था। अब लोकसभा चुनाव सिर पर है। एक चरण का मतदान हो चुका है। यही वजह है कि सियासी गलियारों में यह सवाल है कि आखिर इस बार कांग्रेस के लंबे समय तक गढ़ रही अमेठी सीट से किसे उतारा जाएगा। अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कयास है कि इस बार पार्टी वहां से राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पर दांव आजमा सकती है।