तेलअबीब : इजराइल ने 19 अप्रैल को ड्रोन्स और मिसाइल से ईरान पर हमला किया था। अब सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि अटैक के दौरान ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया था। हालांकि इजराइल ने अब तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बीबीसी ने नतान्ज शहर की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इजराइली ड्रोन्स और मिसाइलों ने ईरान के एयर डिफेंस की रडार साइट को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। नतान्ज वही शहर है, जहां ईरान की कई न्यूक्लियर फैसिलिटीज मौजूद हैं।
ईरान और इजराइल में टकराव के बीच 19 अप्रैल को ईरान ने बाहरी सीमा से आए 3 ड्रोन मार गिराने का दावा किया था। ईरान ने कहा था कि इस हमले में उनको कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं, अमरीकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने 2 वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से बताया था कि इजराइल ने जो मिसाइलें नतान्ज में दागीं, उनमें ऐसी तकनीक का इस्तेमाल था, जिससे रडार सिस्टम उन्हें डिटेक्ट नहीं कर पाया। इसकी वजह से ईरान को इजराइल के हमले के बारे में पता ही नहीं चला।
अधिकारियों के मुताबिक इजराइल के निशाने पर नतान्ज न्यूक्लियर फैसिलिटी का एयर डिफेंस सिस्टम था। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजराइली ड्रोन इस्फहान के पास एक एयर डिफेंस रडार साइट को निशाना बना रहे थे,जो नतान्ज न्यूक्लियर फैसिलिटी की सुरक्षा का हिस्सा है। अधिकारी के मुताबिक हमले ने रडार साइट को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया, लेकिन अभी आकलन पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमले का उद्देश्य ईरान को इजराइल की ताकत का अंदाजा देना था। वहीं यह भी सुनिश्चित करना था कि इससे मामला आगे न बढ़े।
अटैक के बाद कुछ ईरानी अधिकारियों ने बताया कि इस्फहान में एक सैन्य अड्डे पर एस-300 एंटी एयरक्राफ्ट सिस्टम पर हमला किस हथियार से हुआ है, ये अब तक नहीं पता चल पाया है। तीन पश्चिमी देशों और दो ईरान के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इजराइल ने हमले के लिए हवाई ड्रोन तैनात किए थे और वॉर प्लेन से एक मिसाइल दागी थी।
इससे पहले तक ईरानी अधिकारियों ने कहा था कि हमला ड्रोन से किया गया, जो ईरान से ही लॉन्च हुआ था। वहीं, कुछ अधिकारियों को लगता है कि मिसाइल को या तो इजराइली एयरस्पेस से या फिर ईरान से दागा गया था। मिसाइल ईरान के डिफेंस रडार सिस्टम से बच गई। ईरान की सेना ने शुक्रवार को कहा कि ड्रोन, मिसाइल और वॉर प्लेन कोई भी ईरानी सीमा में दाखिल नहीं हुआ। वहीं, ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी, आईआरएनए ने बताया था कि कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ था और डिफेंस रडार सिस्टम में हमले का कोई सिग्नल नहीं आया था।