पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : गृहमंत्री अमित शाह 26 अप्रैल को होने वाले आम चुनाव के लिए सिलचर और करीमगंज लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार करने के लिए रविवार को सिलचर का दौरा करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह रविवार अपराह्न 3 बजे सिलचर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के साथ एक रोड शो में शामिल होंगे। गृह मंत्री के रोड शो को लेकर कछार पुलिस में विशेष रूप से व्यस्तता देखी गई। शनिवार को सिलचर जिला खेल संघ के निकटवर्ती क्षेत्र से शीर्ष पुलिस अधिकारियों समेत भारी संख्या में पुलिस बल ने सिलचर के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और रंगिरखारी पहुंचे। सिलचर के विधायक दीपायन चक्रवर्ती, सांसद डॉ. राजदीप राय और राज्यसभा सांसद पवित्र मार्घेरिटा ने संवाददाताओं से कहा कि रविवार को सिलचर में गृहमंत्री अमित शाह के रोड शो में 50,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। अमित शाह का रोड शो सिलचर शहर में 1.5 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। स्थानीय भाजपा प्रतिनिधियों को उम्मीद है कि असम में भाजपा का यह विशाल रोड शो आगामी लोकसभा चुनावों के साथ-साथ बराक घाटी के समग्र विकास के लिए एक अच्छा संदेश लाएगा।
सिलचर में गृह मंत्री शाह का रोड शो आज