गुवाहाटीः गुवाहाटी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार बिजुली कलिता मेधी ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने विश्वास जताया कि पार्टी पांच लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीतकर इस सीट पर अपना प्रतिनिधित्व बरकरार रखेगी। शर्मा ने मेधी के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोगों का उत्साह भाजपा और हमारे उम्मीदवार के लिए समर्थन को दर्शाता है। यह हमारे लिए बड़े उत्साह की बात है। मुख्यमंत्री शर्मा भी गुवाहाटी की जालुकबारी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि यह समर्थन दिखाता है कि हम यहां पांच लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीतेंगे। आज जिन पांच सीटों पर मतदान हो रहा है, हम उन सभी पर चुनाव जीतेंगे। शर्मा ने कहा कि यह समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए और उन्हें तीसरी  बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि हम असम को आगे ले जाना चाहते हैं। मोदीजी भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने का प्रयास कर रहे हैं और हम प्रचार के दौरान इन चीजों को रखेंगे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और राज्य में पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की पूर्व अध्यक्ष मेधी ने भी इस सीट पर जीत का भरोसा जताया। उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा कि जनता मेरे समर्थन के लिए आई है। लोगों के आशीर्वाद से मुझे गुवाहाटी में जीत का भरोसा है। गुवाहाटी में सात मई को तीसरे चरण में मतदान होगा।