नई दिल्ली: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नजरिए से सहमति जताते हुए पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने बृहस्पतिवार को आईपीएल में 'इंपेक्ट प्लेयर' नियम पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे 'कामचलाऊ ऑलराउंडर' तैयार हो रहे हैं। 'इंपेक्ट प्लेयर' नियम 2023 सत्र से लागू किया गया जिसमें सभी आईपीएल टीम को मैच के दौरान एक खिलाड़ी को बदलने की स्वीकृति होती है।  विशेषज्ञों ने तर्क दिया है कि यह नियम एक ऑलराउंडर की भूमिका को कमतर करता है।

शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी को उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने केवल पावर हिटर के रूप में इस्तेमाल किया है। दुबे मध्यम गति के गेंदबाज भी हैं और टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के विकल्प के लिए दावेदार हैं, लेकिन उन्हें गेंद से अपनी प्रतिभा दिखाने का बामुश्किल मौका मिल रहा है। 

जहीर ने 'जियो सिनेमा' द्वारा आयोजित ऑनलाइन बातचीत में कहा कि मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि यह बहस का मुद्दा है, थोड़ी चिंता जरूर है। लेकिन हमें इससे निपटने का तरीका ढूंढने की जरूरत है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम में आपको कामचलाऊ ऑलराउंडर मिलेंगे। विश्व कप 2011 में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जहीर का मानना है कि मोहम्मद सिराज को टी-20 विश्व कप टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ आना चाहिए। उन्हें साथ ही लगता है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी टीम का हिस्सा होना चाहिए।