डिजिटल डेस्क: लोकसभा चुनाव शुरू होने में अब सिर्फ एक दिन बचा है। ऐसे में सभी पार्टियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगा दिया है। हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह और बीजेपी की कंगना रनौत आमने-सामने हैं। ऐसे में विक्रमादित्य ने कंगना पर निशाना साधते हुए उन्हें बरसाती मेंढक बता दिया है।
विक्रमादित्य ने कुल्लू में कहा कि कंगना रनौत बरसाती मेंढक हैं। वह आज यहां हैं लेकिन कल वापस मुंबई चली जाएंगी। वह बरसात में आने वाले मेंढक की तरह है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आजकल चुनाव प्रचार के दौरान कंगना जिस तरह की वेशभूषा पहन रही हैं। उससे तो ये पता चलता है कि जैसे वह किसी फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। वेशभूषा बदलने से वह स्थानीय लोगों का दिल नहीं जीत सकती और ना ही वे स्थानीय लोगों के दर्द को समझ सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम अच्छा है और कंगना रनौत भी मौसम का मजा लेने के लिए यहां आई हैं। दो-तीन महीने के बाद फिर से अपना बोरिया-बिस्तर लेकर वापस मुंबई लौट जाएंगी। आजकल उनकी फिल्में कुछ अच्छी नही चल रही हैं इसलिए वे यहां हैं।