दुबई : पाकिस्तान व खाड़ी देशों में पिछले दो दिनों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान, ओमान व यूएई में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा व बलूचिस्तान में भारी बारिश के चलते इमरजेंसी लगानी पड़ी है। वहां अब तक 50 लोग मारे गए हैं। दुबई में खराब मौसम के चलते भारत की 28 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनमें भारत आने वाली 13 व भारत से दुबई जाने वाली 15 उड़ानें शामिल हैं। पाकिस्तान के सभी प्रांतों में तेज बारिश हो रही है। वहां 32 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में है।
पाकिस्तान डिजास्टर मैनेजमेंट अथोरिटी ने बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा के चित्राल, दार, स्वात, अबोटाबाद लोगों को घर से न निकलने की एडवाइजरी जारी की है। पाकिस्तान के मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक पूरे देश में भारी बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
आवाजाही के लिए सड़कों को सुधारा जा रहा है। वहीं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी, दुबई व अल ऐन जैसे शहरों में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। इससे अब तक 1 शख्स की मौत हुई है। वहां साल भर की बारिश 2 दिन के भीतर हो गई। बहरीन, कतर व सऊदी अरब में भी भारी बारिश से हालात खराब हैं। ओमान में तेज बारिश के चलते 18 लोगों की मौत हो गई है।