डिजिटल डेस्क: पीएम मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए असम के नलबाड़ी में पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नलबाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जहां कांग्रेस पर जमकर हमला बोला वहीं उन्होंने कहा कि उम्मीद और विश्वास के बाद वे गारंटी लेकर नॉर्थ ईस्च में आए हैं। वहीं पीएम मोदी ने कहा कि 4 जून को नतीजा क्या होने जा रहा है, ये साफ दिखाई दे रहा है। इसलिए लोग कहते हैं- 4 जून, 400 पार! फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम मोदी ने कहा, "2014 में मोदी आपके बीच एक उम्मीद लेकर आया था। 2019 में मोदी जब आया एक विश्वास लेकर आया और 2024 में जब मोदी असम की धरती पर आया है तब मोदी गारंटी लेकर आया है। 'मोदी की गारंटी' यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी।"
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सियासी फायदे के लिए इन क्षेत्रों को अपने पंजे में फंसा कर रखा था। कांग्रेस के पंजे ने नॉर्थ ईस्ट को इसलिए जकड़ कर रखा था ताकि उनके लिए भ्रष्टाचार और लूट के दरवाजे खुले रहें। अब ये पंजा खुल गया है तो असम में सबका साथ, सबका विकास का मंत्र लागू हुआ है। असम आज केवल दूसरे राज्यों की बराबरी नहीं कर रहा, बल्कि विकास के नए रिकॉर्ड बना रहा है।जिस असम में सड़के नहीं होती थी, वहां 10 साल में 2,500 किलोमीटर नेशनल हाईवे बने हैं, आज देश का सबसे बड़ा ब्रिज भूपेन हजारिका सेतु असम में है, आज देश का सबसे लंबा बोगीबील ब्रिज असम में है, अब गुवाहाटी में असम का अपना एम्स खुल चुका है। असम के पांच जिलों में कैंसर अस्पताल खोलने की योजना में भी तेजी से काम चल रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि असम का विकास करना हमेशा से हमारी प्राथमिकता रहा है। हमारी कल्याणकारी योजनाओं ने असम के किसानों को सशक्त किया है। पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को 5400 करोड़ रुपये से ज्यादा पैसा मिला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने इस योजना को जारी रखने की घोषणा की है, जिससे असम के किसानों को बिना किसी भेदभाव के मदद मिलेगी और वे सशक्त होंगे।