पूर्वांचल प्रहरी डेस्क/जिला संवाददाता गुवाहाटी, नगांव : केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सोमवार को 2023 वर्ष के अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा परिणाम की घोषणा कर दी। सोमवार को घोषित किए गए केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2023 की परीक्षा में 1016 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इस परीक्षा में असम से सात उम्मीदवार सफल रहे। उम्मीदवारों की सूची में गुवाहाटी के अभिज्ञान हजारिका शीर्ष पर हैं। अभिज्ञान हजारिका को ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में 172वां स्थान मिला है। इसके अलावा सूची में असम के रिकी लहकर प्रधान 230वें स्थान पर रहे। तेजपुर की ईश्वरी डेका ने 320वां स्थान हासिल किया, कामरूप जिले के पसरिया के ऋतुराज शर्मा ने 462वें स्थान, नगांव के भास्वत सैकिया ने 552वां स्थान, कल्लो हजारिका 992वां स्थान और बरपेटा रोड के अजमल हुसैन ने 1013वां स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि 172वां स्थान हासिल करने वाले अभिषेक हजारिका डेरगांव के रहने वाले हैं लेकिन फिलहाल गुवाहाटी के स्थानीय निवासी हैं। चौथी बार यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले अभिज्ञान के पिता सेवानिवृत्त एपीडीसीएल महाप्रबंधक प्रसन्न कुमार हजारिका और मां पुष्पांजलि हजारिका हैं। 2017 में एनआईटी शिलांग से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा के साथ स्नातक होने के बाद अभिज्ञान ने पावर ग्रिड में एक इंजीनियर के रूप में काम किया। अभिज्ञान ने मीडिया को बताया कि पावर ग्रिड में कुछ दिनों तक काम करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के लिए 2020 में इंजीनियर की नौकरी छोड़ दी। 2021 में आईएएस की कोचिंग लेने वाले अभिज्ञान तीन बार यूपीएससी मुख्य परीक्षा में बैठे लेकिन असफल रहे।
आखिरकार चौथी बार के प्रयास में अभिज्ञान ने ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली। 3 साल से तैयारी कर रहे अभिज्ञान ने बताया कि वे रोजाना 10 घंटे पढ़ाई करते थे। अभिज्ञान को पिछले साल एपीएससी परीक्षा में असम वित्त सेवा के पद के लिए चुना गया था और वर्तमान में वह विभागीय प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और फोकस नॉर्थईस्ट के शशांक गुप्ता कश्यप ने भी उनकी सफलता की यात्रा में मदद की है।
यूपीएससी में 230वां स्थान हासिल करने वाले रिकी लहकर प्रधान का एपीएससी परीक्षा में वित्त सेवा में चयन हो चुका है और फिलहाल वे एपीएससी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। तेजपुर की ईश्वरी डेका ने इस साल 320वां स्थान हासिल किया। ईश्वरी डेका रंगापाड़ा कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. रमेंद्र मोहन डेका की बेटी हैं। उनकी मां भारती दास तेजपुर गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी मल्टीपर्पज गल्र्स स्कूल की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हैं। नगांव से हमारे जिला संवाददाता के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (यूपीएससी) परीक्षा परिणाम में नगांव के भास्वत सैकिया चमके हैं।
भास्वत सैकिया ने इस परीक्षा में 552 अंक हासिल किया। भास्वत सैकिया का सपना आईएएस या आईपीएस अधिकारी के रूप में सेवा करने का था। इसलिए भास्वत सैकिया घर पर ही यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे और आखिर अंत में सफलता के शिखर पर पहुंच गए। उल्लेखनीय है कि भास्वत अपनी सफलता से खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि असमिया बच्चों को खुद पर भरोसा होना चाहिए। असम को लाचित की भूमि कहा जाता है। हमारा इतना साहसी इतिहास है। इसलिए हमारे बच्चों को अखिल भारतीय परीक्षा देने के लिए बाहर जाना चाहिए। उन्होंने कहा मेहनत और लगन से ही हम अपने सफलता को प्राप्त कर सकते हैं।