डिजिटल डेस्क:  शनिवार को अयोध्या से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ की ओर मोड़ दिया गया और जब इसे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया तो पता चला कि विमान में दो मिनट का फ्यूल बचा था। विमान में यात्रा कर रहे सतीश कुमार ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया और अपना अनुभव साक्षा करते हुए बताया कि फ्लाइट का टेक-ऑफ टाइम 3:25 बजे था और लैंडिंग का समय 4:30 बजे था, लेकिन 4:15 बजे के करीब पायलट ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम खराब है और विमान लेट हो गया है। उन्होंने लिखा, ''पायलट ने दो बार विमान को उतारने का प्रयास किया, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा नहीं कर सका और अगली रणनीति तय करने में काफी समय बर्बाद हो गया।'' इसके बाद फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

उन्होंने बताया कि 4:15 बजे हम लोगों को बताया कि विमान में 45 मिनट का ईंधन बचा है। शाम 5:30 बजे पायलट ने विमान को चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट किया। इस दौरान कई यात्रियों और क्रू मेंबर के सदस्यों की तबीयत खराब हो गई। एक ने तो उल्टियां करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि 45 मिनट के ईंधन बचे होने के ऐलान के 115 मिनट बाद शाम 6:10 बजे विमान चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। लैंड करने के बाद हमें क्रू मेंबर एक सदस्य के जरिए पता चला कि हमने आखिरी समय पर लैंड किया है। विमान में सिर्फ एक-दो मिनट का फ्यूल बचा था।

उन्होंने विमानन नियामक डीजीसीए, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, दिल्ली एयरपोर्ट और इंडिगो को टैग करते हुए पोस्ट में कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए कि क्या सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। सोमवार को एक बयान में, इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़ान को चंडीगढ़ की ओर मोड़ दिया गया और पायलट ने रास्ता बदल लिया जो मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार है। एयरलाइन ने कहा कि यह पूरी तरह से सुरक्षित प्रक्रिया थी और नियमों के अनुसार विमान को वैकल्पिक हवाई अड्डे पर ले जाने के लिए पर्याप्त ईंधन था।