रीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए आहार का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हमारे भोजन में वो सारी चीजें होनी चाहिए जिससे शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति हो सके। आहार की पौष्टिकता में सुधार करके कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए पोटैशियम एक अति आवश्यक पोषक तत्व है। ये तंत्रिकाओं को स्वस्थ रखने से लेकर हार्ट-बीट ठीक रखने, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने, मांसपेशियों में लचीलेपन को बनाए रखने में सहायक है। इसकी शरीर में कमी हो जाए तो कई प्रकार की बीमारियों के विकसित होने का जोखिम हो सकता है।
आहार विशेषज्ञ बताते हैं, पोटैशियम शरीर के लिए महत्वपूर्ण खनिजों में से एक है। यह शरीर में तरल पदार्थ को नियंत्रित करने, तंत्रिका संकेत भेजने और मांसपेशियों के संकुचन को नियंत्रित करने में मदद करता है। शरीर में लगभग 98 प्रतिशत पोटैशियम आपकी कोशिकाओं में पाया जाता है। ये खनिज, तंत्रिका तंत्र के कार्यों के लिए बहुत जरूरी हैं। तंत्रिका तंत्र ही आपके मस्तिष्क और शरीर के बीच संदेश भेजते हैं। रक्त में पोटैशियम के स्तर में कमी से शरीर की तंत्रिका आवेग उत्पन्न करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
पोटैशियम आपके हार्ट को ठीक से काम करते रखने के लिए भी आवश्यक तत्व है। हाई ब्लड प्रेशर को हार्ट के लिए सबसे समस्याकारक माना जाता है। पोटैशियम युक्त आहार, शरीर से अतिरिक्त सोडियम को निकालने में मदद करके रक्तचाप को कम करने में सहायक है। पोटैशियम की कमी से शरीर में सोडियम का स्तर बढऩे का खतरा हो सकता है। पौष्टिक चीजों की मात्रा बढ़ाकर शरीर के लिए दैनिक पोटैशियम आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। आहार की कई चीजें पोटैशियम से भरपूर होती हैं। सूखे फल (किशमिश, खुबानी) सेम, दाल, आलू, पालक, ब्रोकली और एवोकाडो के सेवन से शरीर के लिए आसानी से पोटैशियम की पूर्ति की जा सकती है। डेयरी उत्पाद और हरी पत्तेदार सब्जियों के सेवन से आसानी से ये पोषक तत्व प्राप्त हो सकता है।