पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव से पूर्व यानी आगामी कल मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी में ऐतिहासिक रोड शो करेंगे जिसके माध्यम से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रुप से भाजपा के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे, यह अलग बात है कि कुछ तकनीकी कारणों से भाजपा इस अभियान को रोड शो नाम नहीं दे रही है। खुद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा इसे रोड शो नाम नहीं दे रहे हैं, बल्कि इसे पीएम का आम लोगों से मिलने का मौका कह रहे हैं। राजनीति के जानकार कहते हैं कि हिमंत सरकार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को महानगर के बीचों- बीच से गुजरने से रोक दिया था, जिसको लेकर काफी बवाल हुआ था, संभवत: इसलिए इस रोड शो को रोड शो कहना नहीं चाहती है, जबकि इसको भव्य से भव्य बनाने के लिए भाजपा की राज्य इकाई पूरी तरह से जुट गई है। उल्लेखनीय है कि असम में भाजपा के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रंगाली बिहू के हर्षोल्लास के बीचं चुनाव प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे को लेकर भाजपा के समानांतर राज्य सरकार ने भी सारी तैयारी पूरी कर ली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को असम में चुनाव प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को विशेष उड़ान से असम पहुंचेंगे और गुवाहाटी के भव्य रोड शो में भाग लेंगे। इसके बाद वे बुधवार को नलबाड़ी में एक विशाल चुनावी रैली में मतदाताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा नेतृत्व के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम 6.50 बजे बोरझार के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वे बोरझार से सीधे जालुकबाड़ी आएंगे। इसके बाद खंड- खंड स्तर पर रोड शो का आयोजन किया जाएगा। पीएम मोदी जालुकबाड़ी से मालीगांव तक एक रोड शो में शामिल होंगे। इसके बाद मोदी खानापाड़ा की ओर प्रस्थान करेंगे। रास्ते में वे माछखोवा से शुक्लेश्वर घाट तक रोड शो में हिस्सा लेंगे। सड़क के दोनों ओर गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के समर्थक प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला शुक्लेश्वर घाट से बी बरुवा रोड होते हुए उलुबाड़ी फ्लाईओवर के पास से जीएस रोड में प्रवेश करेगा।
प्रधानमंत्री जीएस रोड में एबीसी से गणेशगुड़ी तक एक विशाल रोड शो में भाग लेगा। रोड शो के लिए भाजपा के साथ-साथ राज्य प्रशासन भी व्यापक तैयारी कर रही है। मोदी के रोड शो के लिए जीएस रोड के एक तरफ डिवाइडर के दोनों ओर बांस और लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं। भाजपा नेतृत्व के मुताबिक रोड शो में प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए लगभग 20,000 भाजपा कार्यकर्ता और शुभचिंतक जीएस रोड पर मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री गुवाहाटी की सड़कों पर एक रोड शो करेंगे, लेकिन गुवाहाटी में प्रधानमंत्री के चुनावी रोड शो को भाजपा रोड शो कहना नहीं कहना चाहती है, इसके दो कारण हैं। पहला कारण यह है कि रोड शो के लिए चुनाव आयोग से अनुमति की आवश्यकता होती है। चुनाव आयोग की अनुमति से रोड शो करने पर रोड शो में होने वाला खर्च भाजपा का चुनावी खर्च माना जाएगा। इसलिए प्रधानमंत्री के रोड शो का पूरा खर्च असम सरकार को उठाना होगा।
प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए जीएस रोड पर असम सरकार के फंड से विशाल बैरिकेड्स का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री के रोड शो को भाजपा और असम सरकार रोड शो नहीं कहना चाहती इसकी एक और बड़ी वजह प्रशासन की अनुमति है। इसमें कोई शक नहीं कि चुनावी रोड शो को प्रशासन से मंजूरी नहीं मिलेगी। हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस गुवाहाटी में जीएस रोड पर रैली करना चाहती थी, लेकिन सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। सरकार ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को इस डर से अनुमति नहीं दी कि अगर उसे निकाला गया तो गुवाहाटी शहर में भारी ट्रैफिक जाम हो जाएगा। इस कारण खानापाड़ा में गुवाहाटी पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई थी।
परिणामस्वरूप, मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने विपक्ष की आलोचना और इसे चुनावी मुद्दे के रूप में इस्तेमाल किए जाने के डर से रणनीतिक रूप से जीएस रोड पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को रोड शो कहने से इनकार कर दिया है। सीएम ने पत्रकारों से कहा कि अगर लोग पीएम मोदी को देखने के लिए जीएस रोड के दोनों ओर इक_ा होते हैं तो प्रशासन क्या कर सकता है। हालांकि, न तो मुख्यमंत्री और न ही प्रशासन ने प्रधानमंत्री की यात्रा को चुनावी रोड शो के रूप में मान्यता दी है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए जीएस रोड के दोनों किनारों पर बैरिकेडिंग बनाने के लिए सरकारी खजाने से लाखों रुपए खर्च किए हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जीएस रोड पर रोड शो के बाद खानापाड़ा के कोइनाधारा स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में रात बिताएंगे और बुधवार सुबह 10.30 बजे नलबाड़ी में एक चुनाव अभियान रैली में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी नलबाड़ी के राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 27 के पास बरकुरा में बरपेटा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार फणी भूषण चौधरी की ओर से एक चुनाव अभियान में मतदाताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि मोदी की रैली में दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता भी शामिल होंगे। भाजपा ने पहले ही असम में भाजपा-गठबंधन उम्मीदवार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची की घोषणा कर दी है। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित 19 केंद्रीय नेता शामिल हैं। हालांकि, बुधवार को नलबाड़ी में प्रधानमंत्री की सभा के साथ ही कांग्रेस आलाकमान प्रियंका गांधी गौरव गोगोई की ओर से तिताबर में एक रोड शो और चुनावी रैली में शामिल होंगी। इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को कोकराझार के ग्रीन फील्ड में यूपीपीएल उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे।