पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता दुलियाजान : मोदी और हिमंत के रहते बांग्लादेश से इंसान तो क्या कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता। क्योंकि पहले की सरकार अब नहीं है। यह कहना है राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा का। दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत टेंगाखात खेल मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि सभी लोग जानते हैं कि कुछ वर्ष पहले असम में का आंदोलन छेड़ा गया। कोई विचार नहीं कोई बात नहीं। कुछ ने यह अफवाह फैला दी कि सीएए के लागू होने से दो करोड़ हिंदू बांग्लादेशी असम में आ जाएंगे, जिसको लेकर असम में आंदोलन भी हुआ। पांच लोग शहीद भी हुए। लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं सीएए के आने से क्या हुआ। कोई भी हिंदू बांग्लादेशी नहीं आया। मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि असम में अब आंदोलन नहीं है। भय और हिंसा का माहौल नहीं है। असम में अब खेल का आंदोलन है। पौधारोपण का आंदोलन है। शिक्षा का आंदोलन है। असम में सांस्कृृतिक महासंग्राम किए जाते हैं। लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो सिर्फ किसी न किसी बात पर आंदोलन करने के ही फिराक में रहते हैं। जो खुद भी आगे नहीं बढ़ते और दूसरों को भी आगे बढ़ने नहीं देते। खुद नहीं खेलते और दूसरों को भी खेलने नहीं देते। वे सिर्फ एक के बाद एक आंदोलन करना ही जानते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे पिछले दो वर्षों से दिन-रात यह कोशिश में लगे हैं कि आंदोलनकारी के परिवर्तित असम में अच्छा खिलाड़ी का जन्म हो, अच्छे छात्र का जन्म हो। जिससे हमारा असम भी भारतवर्ष के अन्य राज्यों की तरह ही आगे बढ़े और बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि यह सरकार कठोर सरकार है अगर कोई काजीरंगा में गैंडे का शिकार किया तो उसके खिलाफ सरकार कड़ी व्यवस्था ग्रहण करती है। यदि कोई राज्य में ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों का व्यवसाय करेगा तो सरकार उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार को जड़ से मिटा देती है। राज्य में कोई आंदोलन की जरूरत नहीं है। दिन रात यह सरकार असम के लोगों के लिए काम करती है। असम में जब असम आंदोलन हुआ था, दुलियाजान में तेल बंद आंदोलन हुआ था, जिसमें कइयों की जान चली गई थी। उन्हें किसने मारा था, उन्हें इंदिरा गांधी ने मारा था, उन्हें राजीव गांधी ने मारा था। क्योंकि उस वक्त तो भारतीय जनता पार्टी का जन्म भी नहीं हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत ने विरोधियों की जमकर आलोचना की और डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट के उम्मीदवार को भारी मतों से विजय दिलाने के लिए लोगों से अपील भी की। डिब्रूगढ़ के कार्यालय संवाददाता के अनुसार डिबू्रगढ़ जिले के के खोवांग क्षेत्र में आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोहाग बिहू जातीय उत्सव व चुनाव गणतंत्र उत्सव है। देश का प्रधानमंत्री कौन होगा, उसके लिए लोकसभा चुनाव में मतदान करें। यदि भाजपा को वोट देंगे तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री होंगे यदि झाड़ू व नाव को वोट दिए तो राहुल गांधी प्रधानमंत्री होंगे। बिहू के आगमन के साथ ही मोदी के गले में असमिया जाति का सम्मान फुलाम गामोछा देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में काजीरंगा में गैंडे को मारा जाता था मरवाया जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में फोटो खींचकर विश्व के लोगों को काजीरंगा में गैंडे को देखने के लिए आने का आह्वान किया। रकिबुल हुसैन जब मंत्री थे, उस समय गैंडे तो थे पर उनकी सींग नहीं थी। मुख्यमंत्री ने असम में शांति स्थापित करने की बात कहते हुए कहा कि असम में धरना, बंद, आंदोलन कुछ नहीं है। बिहू में किसी भी मां का दिल खाली नहीं रहेगा। बम, गोली नहीं चल रहे। असम में शांति है। यह समृद्धि व विकसित असम है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। असम में विकास को अग्रगति देने के लिए बोगीबिल पुल, सादिया पुल, के बाद अब नुमलीगढ़ व गोहपुर के बीच ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे से रास्ता बनाने की सोच रहे हैं। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में 32 किलोमीटर का पुल निर्माण किया जाएगा। राज्य स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में अमूल परिवर्तन हो रहा है। असम में विकास की धारा को निरंतर प्रवाहित करते हुए देश ही नहीं विश्व में विकसित असम को सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में स्थित करने के संकल्प को दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल पहले जब वे मुख्यमंत्री हुए थे उस समय सबसे बड़ी चुनौती के रूप में कोविड महामारी आई, जिसके लिए प्रधानमंत्री मोदी की सहायता से असम की जनता के लिए मुफ्त इंजेक्शन व स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ ही राहत सामग्रियां घर-घर पहुंचाई। आम जनता के प्राणों की रक्षा के लिए भाजपा ने हर संभव प्रयास किया। इसके बाद राज्य में विकास की रफ्तार को तेज गति दी गई और आज असम स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृृति, क्रीड़ा हरेक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। युवाओं में शिक्षा, खेल आदि की प्रतिभाओं को उभारने के लिए विभिन्न प्रकार के योजनाओं को लागू किया गया। उन्होंने ताल ठोकते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में जो उन्होंने वादे किए, उन्हें पूरा किया। लाखों महिलाओं का ऋण माफ करने के साथ ही एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, खिलंजिया लोगों को भूमि पट्टा आदि प्रदान किया गया। भाजपा आम जनता के विकास के लिए कार्य करती है और करेगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चाय बागान व ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें सही नहीं होने के कारण एंबुलेंस नहीं जाती थी।
बांग्लादेश से इंसान तो क्या परिंदा भी पर नहीं मार सकता