पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 अप्रैल को क्रमशः निचली और ऊपरी असम में चुनाव प्रचार करेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो उस दिन असम में मोदी और राहुल का आमना-सामना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय चुनाव प्रचार के लिए 16 अप्रैल को असम पहुंचेंगे। वे शाम 6 बजे बोरझार हवाई अड्डे पर उतरेंगे और गुवाहाटी में रात बिताएंगे। चुनावी तैयारियों और प्रचार अभियान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी 16 अप्रैल की शाम पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री 17 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे नलबाड़ी में एक बड़ी चुनावी रैली में शामिल होंगे। भाजपा का लक्ष्य रैली में लाखों लोगों को लाने का है। पार्टी नलबाड़ी की सार्वजनिक सभा को सफल बनाने के लिए जी-जान से तैयारी में जुटी हुई है। नलबाड़ी में खेतों के बीच मोदी की जनसभा के लिए जबरदस्त इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, 17 अप्रैल को राहुल गांधी भी जोरहाट और डिब्रूगढ़ में चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल गांधी सबसे पहले जोरहाट में 11 बजे कांग्रेस और संयुक्त विपक्षी एकता मंच के उम्मीदवार गौरव गोगोई के लिए प्रचार करेंगे। इसका मतलब यह है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नलबाड़ी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे होंगे, तभी राहुल गांधी भी जोरहाट में एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी दोपहर 1 बजे डिब्रूगढ़ में अपनी दूसरी चुनावी रैली में लुरिनज्योति गोगोई के लिए प्रचार करेंगे।
17 को असम में मोदी व राहुल करेंगे चुनाव प्रचार