डिजिटल डेस्क : तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के. कविता की अंतरिम जमानत याचिका पर मंगलवार को भी सुनवाई हुई जिसमें कोर्ट ने कविता की न्यायिक हिरासत की अवधि को बढ़ाकर 23 अप्रैल कर दिया है। अब के कविता 23 अप्रैल तक जेल में रहेंगी।  दिल्ली शराब घोटाला मामले में सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई सुनवाई में कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज कर दी थी। स्पेशल जज कावेरी बावेजा ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें अंतरिम जमानत देने का यह सही समय नहीं है। हिरासत अवधि बढ़ाए जाने पर के. कविता ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया है। के. कविता ने कहा है कि उनके ऊपर लगाया गया आरोप सिर्फ और सिर्फ बयान के आधार पर है। यह एक राजनीतिक केस है। यह केस केवल विपक्षी दलों को टारगेट करने के लिए है।के. कविता ने ये भी कहा कि सीबीआई पहले ही जेल में उनके बयान ले चुकी है।

बता दें कि ईडी ने दिल्ली शराब नीति में हुए कथित घोटाले के केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में के कविता को 15 मार्च को हैदराबाद के बंजारा हिल्स से गिरफ्तार किया था।। मंगलवार को कोर्ट में ईडी ने कविता पर पूरे मामले के गवाहों और सबूतों को छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। कविता ने कोर्ट से गुहार लगाई थी जिसमें उन्होंने अपने 16 साल के बेटे की परीक्षा का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत की मांग की थी। उन्होंने कोर्ट से कहा कि उनके बेटे को परीक्षा के लिए मां के मोरल और इमोशनल सपोर्ट की जरूरत है। ईडी ने उनकी इस दलील का विरोध किया था और कहा था कि वो बाहर आने के बाद सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकती हैं और इसके साथ ही गवाहों को भी प्रभावित कर सकती हैं।