गुवाहाटी : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए मंगलवार को असम आएंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि उनका मंगलवार दोपहर को लखीमपुर लोकसभा सीट के चुकुली भोरिया में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। लखीमपुर से भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रदान बरुआ को टिकट दिया है, जो लगातार तीसरी बार लोकसभा पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने उदय शंकर हजारिका को मैदान में उतारा है। उन्होंने  बताया कि शाह मंगलवार शाम को तिनसुकिया जिले में चालिहा नगर से थाना चिरायली तक रोड शो भी करेंगे। तिनसुकिया शहर डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जहां से केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, भाजपा उम्मीदवार हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है और सोनोवाल का मुकाबला संयुक्त विपक्षी मोर्चा, असम के प्रत्याशी लुरिनज्योति गोगोई और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनोज धनोवार से है। मौजूदा लोकसभा में डिब्रूगढ़ सीट भाजपा के पास है। इस सीट से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को इस बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया है।