जोरहाट/शिवसागर: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार पूर्व में किये अपने वादे के अनुसार एक लाख नियुक्तियां करने के अलावा 50,000 अतिरिक्त नौकरियां मुहैया कराएगी। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उन्हें राशन कार्ड के तहत और भी लाभ मिलेंगे क्योंकि सेवाओं का विस्तार किया जाएगा तथा 'अरुनोदय' योजना में और भी महिला लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा। जोरहाट जिले के टीटाबोर में एक चुनावी रैली में शर्मा ने कहा कि हमने लोगों से एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था और तब कांग्रेस ने हमारा मजाक उड़ाया था।
लेकिन हमने अपना वादा पूरा किया और एक लाख युवाओं को रोजगार दिया। उन्होंने कहा कि अब, अगले कुछ वर्षों में, हम गृह और शिक्षा जैसे विभिन्न विभागों में 50,000 और नौकरियां देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न कल्याण योजनाओं में और भी लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ओरुनदोई योजना में और लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 1,250 रुपए भेजे जाएंगे। बाद में, शिवसागर जिले के नाजिरा में एक और रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि नाजिरा विधानसभा क्षेत्र के लोग अगले राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को चुनकर तीव्र विकास सुनिश्चित कर सकते हैं। नाजिरा सीट, जोरहाट लोकसभा क्षेत्र में है।