गुवाहाटी : असम में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अपैल को पांच सीट पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 65 उम्मीदवारों में से तीन के नामांकन पत्र जांच के दौरान शुक्रवार को रद्द कर दिए गए। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। नगांव में दो और करीमगंज में एक उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द किया गया। हालांकि, सिलचर (अनुसूचित जाति), दरंग-उदालगुड़ी और डिफू (अनुसूचित जनजाति) में दाखिल गए सभी नामांकन वैध पाए गए। नगांव में, निर्दलीय उम्मीदवार बिश्वजीत बरदलै और हमार राज पार्टी के होरेन भूमिज के नामांकन रद्द कर दिए गए, जबकि शेष 13 के नामांकन वैध पाए गए। नगांव सीट पर प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के मौजूदा सांसद प्रद्युत बरदलै के अलावा भाजपा के सुरेश बोरा और एआईयूडीएफ के अनीमुल इस्लाम शामिल हैं। 

वहीं, करीमगंज में निर्दलीय उम्मीदवार बिप्लब दास का नामांकन रद्द कर दिया गया। जिन 24 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए, उनमें भाजपा के मौजूदा सांसद कृृपानाथ मल्लाह के अलावा कांग्रेस के हाफिज राशिद चौधरी और एआईयूडीएफ के साहिबुल आलम चौधरी शामिल हैं। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को कुल 65 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अप्रैल है। प्रथम चरण के तहत 19 अप्रैल को होने वाले चुनाव में काजीरंगा, जोरहाट, डिब्रूगढ़, शोणितपुर और लखीमपुर निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 35 उम्मीदवार मैदान में हैं।