जयपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दस साल में किए गए अपने काम को महज एक 'ट्रेलर' (नमूना) और मुख्य भोजन से पहले परोसे जाने वाला ऐपेटाइजर बताते हुए कहा कि अभी तो पूरी थाली बाकी है और हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि वे सिर्फ अपना हित देखते हैं, उन्हें गरीब, दलित, शोषित-वंचित वर्ग के कल्याण से, उनके सम्मान से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि सेनाओं का अपमान और देश का विभाजन कांग्रेस की पहचान है। भारतीय सेना की ओर से की गयी एयर एवं सर्जिकल स्ट्राइक की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि ये नया भारत है। ये नया भारत घर में घुसकर मारता है। मोदी चुरू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र में अपनी सरकार के दस साल के कार्यकाल की तुलना रेस्टोरेंट में मुख्य भोजन से पहले परोसे जाने वाले ऐपेटाइजर और फिल्म के ट्रेलर से की। उन्होंने कहा कि जीवन के हर पड़ाव पर भाजपा सरकार गरीब के साथ खड़ी है। जो काम इतने दशक में नहीं हुए वे हमने दस साल में कर दिखाए।

इसलिए मैं कहता हूं कि जब नीयत सही तो नतीजे सही होते हैं। मोदी ने कहा कि दस साल में जो हुआ... लोग तो कहते हैं कि बहुत कुछ हुआ। पहले की सरकारों की तुलना में बहुत कुछ हुआ। लेकिन मोदी के मन की बात मैं आज चुरू में बता देता हूं .... जो अब तक हुआ है वह तो ट्रेलर है ट्रेलर। उन्होंने 'ऐपेटाइजर' का जिक्र करते हुए कहा कि ये जो मोदी ने किया है न, वह तो ऐपेटाइजर है, ऐपेटाइजर... अभी तो पूरी खाने की थाली बाकी है। बहुत कुछ करना है भाइयो। बहुत सारे सपने हैं। हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि सेनाओं का अपमान, देश का विभाजन ये कांग्रेस पार्टी की पहचान है। जब तक 'इंडी' एलायंस(गठबंधन) के लोग सत्ता में रहे उन्होंने हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे। दुश्मन हमला करके चला जाता था। ये हमारे जवानों को जवाब देने की इजाजत नहीं देते थे। उन्होंने कहा कि हमारे जवान वन रैंक वन पेंशन की मांग करते थे।

कांग्रेस ने इसे भी पूरा नहीं होने दिया। हमारी सरकार बनी तो हमने सैनिकों को 'वन रैंक वन पेंशन' का अधिकार दिया और सीमा पर पलटवार करने की खुली छूट भी दी। उन्होंने कहा कि आज दुश्मन को भी पता है कि यह मोदी है, यह नया भारत है। यह नया भारत घर में घुसकर मारता है। मोदी ने कहा कि 2014 में जब भाजपा केंद्र में सत्ता में आई तो देश खस्ता हालत था।  उन्होंने कहा कि हम जो ठान लेते हैं वो पूरा करके दिखाते हैं। पिछले 10 साल में आपने देश को बदलते हुए देखा है। आप याद करिये 10 साल पहले देश कितनी खस्ता हालत में था.. कांग्रेस के बड़े बड़े घोटालों और लूट के कारण अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। दुनिया में भारत की साख गिरती जा रही थी। रैली को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चूरू लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र झाझडय़िा ने भी संबोधित किया। मौजूदा लोकसभा चुनाव में मोदी की यह दूसरी चुनावी रैली थी। राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।