डिजिटल डेस्क : दिल्ली शराब नीति मामले में जेल में बंद पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की आज यानी शनिवार को कोर्ट में पेशी हुई। जिसके बाद मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को अब 18 अप्रैल तक बढ़ी दी है।
बता दें पिछले 13 महीने से दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जेल में बंद हैं। सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 फरवरी, 2023 को ‘‘घोटाले'' में उनकी कथित भूमिका के मामले में गिरफ्तार किया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीबीआई की प्राथमिकी से जुड़े धनशोधन के मामले में तिहाड़ जेल में पूछताछ के बाद सिसोदिया को नौ मार्च, 2023 को गिरफ्तार किया था। सिसोदिया ने 28 फरवरी, 2023 को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।
इससे पहले सिसोदिया की जमानत याचिका पर 2 अप्रैल को भी सुनवाई हुई थी। इस दौरान उन्होंने अदालत से कहा था कि उनको जेल में रखने से कोई फायदा नहीं है क्योंकि उनके खिलाफ चल रही जांच पूरी हो चुकी है।बता दें कि मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को अपनी विधानसभा (पटपड़गंज) के लोगों के लिए एक चिट्ठी लिखी। इस चिट्ठी में उन्होंने अपनी स्थिति की तुलना स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ अंग्रेजों द्वारा किए गए अत्याचारों से की है और शिक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता जतायी है। सिसोदिया ने यह उम्मीद भी जतायी कि वह जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। उन्होंने कहा, ''जल्द ही आपसे बाहर मिलूंगा।अंग्रेज शासकों को भी सत्ता का अहंकार था और उन्होंने लोगों को झूठे मामलों में जेल भेजा था।''
वहीं मामले पर सियासत भी खूब हो रही है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे क्यों कि ये घोटाला आम आदमी पार्टी ने नहीं बीजेपी ने किया है। उन्होंने इस संबंध में अपने तर्क भी रखे।