पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का असम दौरा स्थगित हो गया है। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए 7 और 8 अप्रैल को गृह मंत्री अमित शाह असम आने वाले थे, लेकिन उनका दौरा रद्द कर दिया गया है। हालांकि, अमित शाह के असम दौरे के टलने की सटीक वजह का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन राज्य भाजपा नेतृत्व के अनुसार 7-8 अप्रैल के बजाय अमित शाह का 11 अप्रैल को असम का दौरा करने की संभावना है। भाजपा के स्टार प्रचारक अमित शाह ने 7-8 अप्रैल में पूर्वोत्तर की अपनी यात्रा की तारीख की घोषणा की थी। इस दौरे के दौरान उन्हें नगांव के होजाई, लखीमपुर के गहपुर और सोनितपुर में चुनाव अभियान में भाग लेना था। इस चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने पूरी तैयारी कर ली थी। केंद्रीय गृह मंत्री ने अंतिम समय में दौरा स्थगित कर दिया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को वापस लौटना पड़ा। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहू के बाद 17 अप्रैल को असम में पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री उसी दिन नलबाड़ी में एक चुनाव प्रचार सभा में भाग लेंगे।
अमित शाह का असम दौरा स्थगित