गुवाहाटी : असम चुनाव अधिकारियों ने धुबड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रकीबुल हुसैन द्वारा आदर्श आचार संहिता का कथित उल्लंघन किए जाने को लेकर नोटिस जारी किया है। बिलासीपाड़ा जिले के आचार संहिता प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी ने कांग्रेस की जिला इकाई के अध्यक्ष और सचिव को लिखे पत्र में कहा कि पार्टी विधायक ने जिला चुनाव अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना 28 मार्च को सिमुलतला में एक  जनसभा की थी। बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को उपलब्ध कराए गए पत्र के अनुसार, जनसभा संबंधी प्रसारण सोशल मीडिया पर भी हुआ था। इसमें कहा गया कि यह निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। पत्र में कांग्रेस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर जरूरी कार्रवाई नहीं करने पर तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने को कहा गया है। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने यहां कहा कि वे आरोपों की जांच कर रहे हैं और उसके मुताबिक ही जवाब देंगे।