पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : मारवाड़ी समाज राजस्थान से निकल कर जहां भी गया, वहां राजस्थान की सौंधी मिट्टी की खुशबू को बरकरार रखा। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाए रखने के साथ ही असम के बहुमुखी विकास के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई। इस समाज को और मुखरता के साथ दूसरे लोगों की मदद करने की भावनाओं के साथ आगे बढऩा होगा। बुधवार को गुवाहाटी के विश्वरत्न होटल में मारवाड़ी समाज के विभिन्न संस्थाओं की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब चंद कोठारी को असम की परंपरा के तहत फुलाम गामोछा से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए श्री कोठारी ने कहा कि राजस्थान से कोसों दूर रहकर भी यह समाज अपनी सांस्कृृतिक, परंपराओं, खान-पान सहित भेष-भूषा को नहीं भुला है।

सबसे खुशी की बात यह है कि यह समाज असम के मूल निवासियों के साथ घुल-मिलकर यहां के हर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य में अपनी अहम भूमिका निभाने का काम किया है। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि मैं चुनाव की रूख की जानकारी लेने असम पहुंचा हूं। यहां की राजनीति में समाज को आगे बढ़कर अपनी साख बनाने की जरूरत है। हालांकि यहां की राजनीति में मारवाड़ी समाज का योगादन है, लेकिन और बढ़ाने की जरूरत है। हमें धीरे-धीरे राजनीतिक क्षेत्र में दबदबा बनाना होगा। नई पीढ़ी में हो रहे बदलाव के बारे में सामाजिक संस्थाओं को आगाह करते हुए कोठारी ने कहा कि हाल के कुछ वर्षों में हमने नई पीढ़ियों में काफी बदलाव होने की आहट महसूस की है।

हमें अपने बच्चों को राजस्थानी परंपरा, लोकाचार, संस्कृृति सहित समाज की जड़ों से जोड़कर रखने की शिक्षा देनी होगी। यह समाज अपने परोपरकार और व्यापार में सबसे आगे रहने के लिए जाना जाता है। ऐसे में हमें अपनों बच्चों को अपने पूर्वजों के गौरवशाली कार्यों के बारे में बताना होगा। उन्होंने समाज के हर पहलुओं को भी रेखांकित किया। साथ ही मीडिया पर तंज करते हुए कहा कि आज का मीडिया सरकार का होकर रह गया है, जबकि मीडिया को सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करना चाहिए। समय के साथ ही इस क्षेत्र में भी काफी बदलाव आया है। गुवाहाटी में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने श्री कोठारी को सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। मालूम हो कि श्री कोठारी तीन दिवसीय असम के दौरे पर है।