नई दिल्लीः वित्त वर्ष 2023-24 खत्म हो चुका है। बीते साल कुछ चीजों के दाम बढ़ने से लोगों को परेशानी हुई तो वहीं कुछ चीजों के दाम कम होने से लोगों को राहत भी मिली। वित्त वर्ष 2023-24 में अरहर दाल 115 रुपए से बढ़कर 148 रुपए किलो पर पहुंच गई मतलब अरहर दाल 33 रुपए महंगी हो गई। वहीं इस साल चावल 39 रुपए से बढ़कर 44 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। दूसरी ओर गैस सिलेंडर, सोयाबीन तेल और पेट्रोल-डीजल सहित कई अन्य चीजों के दाम में गिरावट भी देखने को मिली है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 300 रुपए की कटौती की गई है। सोयाबीन तेल की कीमत में भी 18 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा की कमी देखने को मिली है। महंगाई के बढ़ने का सीधा-सीधा मतलब आपके कमाए पैसों का मूल्य कम होना है। आमतौर पर, महंगाई प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ने, प्रोडक्ट और सर्विसेज की डिमांड में तेजी या सप्लाई में कमी के कारण होती है।