पूर्वांचल प्रहरी डेस्क/नगर संवाददाता गुवाहाटी/मोरानहाट : असम में तीन चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में शामिल बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार लगातार तीव्र होता जा रहा है। दस विधानसभा क्षेत्र शामिल बरपेटा लोकसभा क्षेत्र के गठबंधन उम्मीदवार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अप्रैल को चुनाव प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे हुए नलबाड़ी शहर के बारकुरा के विशाल मैदान में एक चुनावी रैली में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभा स्थल पर मंच का निर्माण शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी दौरे को लेकर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता व्यस्त हो रहे हैं। इस चुनाव प्रचार सभा में कई केंद्रीय मंत्री सहित मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा भी शामिल होंगे। जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. मृगांक तालुकदार ने कहा कि चुनावी रैली में करीब 2,00,000 लोग शामिल होंगे। निचली असम के 7 जिले सहित 16 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा नेता और समर्थक इस सभा में भाग लेंगे। इस चुनावी सभा को सफल बनाने के लिए मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, मंत्री जयंत मुल्ला बरुवा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता नलबाड़ी में डेरा डालकर निगरानी करेंगे। दूसरी ओर हमारे मोरानहाट संवाददाता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मोरानहाट में प्रचार करने की प्रबल संभावना देखी जा रही है। हालांकि इसकी अब तक किसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मगर तैयारियों को देखते हुए पीएम का आगमन तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी रंगाली बिहू के पूर्व ऊपरी असम के मोरान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। हालांकि वर्तमान डिबू्रगढ़ और जोरहाट लोकसभा सीट भाजपा के लिए साख का विषय बन गया है। ऐसे में भाजपा डिबू्रगढ़ और जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के लोगों को भाजपा के प्रति आकर्षित करने के लिए मोरान के ऐतिहासिक पोलो फील्ड में चुनाव सभा में आयोजन करने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री के मोरान आगमन की बात पर भले ही भाजपा नेताओं और प्रशासन ने चुप्पी साध रखी हो, मगर असम पुलिस के आला अधिकारियों में से एक आईजीपी (टेप) अखिलेश सिंह के साथ जिला प्रशासन का मोरान दौरा तथा विभिन्न मैदानों पोलो फील्ड, खटखटी, सेपोन महाविद्यालय मैदान, ऑयल इंडिया मैदान का हैलीपेड, सभास्थल, पार्किंग आदि का जायजा लेना यह साफ करता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरी बार मोरान आगमन लगभग तय है। आज इस निरीक्षण और जायजा के दौरान भाजपा मोरान मंडल के अध्यक्ष भास्कर बरुवा, सचिव दीपांकर चेतिया, पिंकी चलिहा सैकिया के साथ भी पुलिस अधिकारी सिंह ने चर्चा करते हुए सभास्थल का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अप्रैल को नलबाड़ी में करेंगे चुनाव प्रचार