बोकाजान : असम में तीन चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। पहले चरण की पांच सीटों में उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दूसरे चरण के तहत नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्य जारी है। इस क्रम में असम के पहाड़ी जिले क्रमश: कार्बी आंग्लांग, पश्चिम कार्बी आग्लांग, और  दिमा हसाओ को मिलाकर एक लोकसभा सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार अमर सिंह टिसो ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले के सदर सहर डिफू में जिला आयुक्त मधुस्मिता भागवती को अपना नामांकन पत्र सौंपा। डिफू गवर्मेंट ब्वॉयज हायर सेकंडरी स्कूल के खेल मैदान से अपने हजारों समर्थक नेता और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर गाजे-बाजे के साथ एक  बड़ी रैली कर भाजपा उम्मीदवार जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा प्रत्याशी की नामांकन प्रक्रिया में मुख्यमंत्री ने भी हिस्सा लेते हुए एक जनसभा को संबोधित किया। नामांकन दाखिल से पहले हुई इस सभा में हजारों कार्यकर्ताओं व आम जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यालय में आज दोनों पहाड़ी जिलों में शांति है और प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की तरफ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में नरेंद्र मोदी को अगर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है तो अमर ङ्क्षसह टिसो को भारी मतों से जिताने होगा। सीएम ने कहा कि वर्ष 2024 के भीतर कार्बी आंग्लांग और दिमा हसाओ जिले में जितने लोगों के पास राशन कार्ड हैं, उन सभी को अरुणोदय योजना का लाभ मिलेगा। दोनों पहाड़ी जिलों में शिक्षा का मानदंड उन्नत करने के लिए असम सरकार ने एक विशेष पहल की और कहा कि दोनों जिलों से  दसवीं पास कर कॉलेज में दाखिला लेने वाली सभी छात्राओं को दस-दस हजार रुपए सरकार उपहार स्वरूप देगी।

इसके अलावा डिग्री में नाम भर्ती करने वाली युवतियों को साढ़े बारह हजार और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढऩे वाली लड़कियों को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही इसी वर्ष में डिफू में एक स्टेट यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड लाभार्थियों में जो घर का मुखिया है, उसे सरकार की तरफ से एक बीमा मुफ्त की जाएगी, जिससे उनके न होने पर भी उनके परिवार को कुछ मदद मिल सके। वही कार्बी आंग्लांग और डिमा हसाओ में हो रहे विकास कार्यों का हवाला देते हुए सीएम ने कहा कि दोनों स्वायत्त शाषित परिषद में राज्य सरकार ने बीस हजार करोड़ रुपए दिए हैं ताकि दोनों जिलों का बेहतर विकास हो सके।

अपने भाषण में विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि एपीएचएलसी नामक एक राजनीतिक दल है, जो इसबार डिफू लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही है। मगर इनकी न तो दिल्ली और न ही दिसपुर में कोई सरकार और नेता है। ऐसे दल को वोट देकर अपना बहुमूल्य वोट बर्बाद न करें। वही मुख्य विरोधी पार्टी कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस की गाड़ी में न तो टायर है ना इंजन है और तो और न ही इनके नेताओं के पास कोई नीति है। अब तो यह भी ठीक नहीं कि ये नेता कब भाजपा में शामिल हो जाए।

सीएम ने डिफू लोकसभा सीट को पूरे असम के भीतर पहला स्थान में लाने के लिए भाजपा उम्मीदवार को 3 लाख से अधिक वोटों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि अब तक डिफू लोकसभा सीट के लिए एपीएचएलसी नामक क्षेत्रीय दल के उम्मीदवार जॉन इंगति कठार ने अपना नामांकन दाखिल किया था और आज भाजपा प्रत्याशी ने भी अपना नामांकन भरा। इसके अलावा इस सीट में कांग्रेस और स्थानीय दल एएसडीसी ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। आगामी चार अप्रैल को कांग्रेस उम्मीदवार जयराम इंग्ले अपना नामांकन भरेंगे।