डिजिटल डेस्क : दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कोर्ट ने केजरीवाल को 15 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है। आज उनकी ईडी रिमांड खत्म हुई थी। ईडी ने कोर्ट से केजरीवाल की न्यायिक हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। ईडी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का रवैया सहयोग वाला नहीं रहा, वो ईडी को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। सुनवाई के दौरान अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता, आप नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी, गोपाल राय समेत कई नेता मौजूद रहे।बीती 28 मार्च को अरविंद केजरीवाल को कोर्ट ने राहत नहीं दी थी और एक अप्रैल तक के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया था। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।